सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : छठ पूजा से पहले आसनसोल के विभिन्न बाजारों और छठ घाटों का निरीक्षण करने पहुंचीं मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने तोलाबाजी को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने साफ कहा कि छठ के मौके पर किसी भी दुकानदार से कोई भी अवैध वसूली नहीं कर सकता। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बाजार में बैठे दुकानदारों से सीधे बात की। उन्होंने पूछा कि कहीं उनसे कोई तोलाबाजी तो नहीं कर रहा है। दुकानदारों ने बताया कि छठ के लिए अस्थायी रूप से बाजार लगाने की अनुमति मिली है। इस पर अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि छठ पूजा शुरू हो गई है, ऐसे में सभी को अस्थायी रूप से बैठने की अनुमति दी गई है। लेकिन अस्थायी हो या स्थायी, किसी को भी एक पैसा तोलाबाजी के रूप में नहीं देना है। आगे कहा कि जो अस्थायी बैठ रहा है, वो भी एक पैसा नहीं देगा। जो स्थायी बैठ रहा है, वो भी एक पैसा नहीं देगा। टैक्स का पैसा देना है तो सिर्फ कॉरपोरेशन को देना है। किसी को तोलाबाजी नहीं देना है। मंत्री ने दुकानदारों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन और पुलिस उनके साथ है। अगर कोई भी उनसे जबरन पैसा मांगे तो वे तुरंत प्रशासन को बताएं। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देश दिया कि बाजार में तोलाबाजी पर सख्त नजर रखी जाए। इस दौरान उनके साथ आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा, पुलिस प्रशासन के अधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद थे।