अंडाल : पश्चिम बर्धमान जिले के ग्रामीण इलाकों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। लंबे इंतजार के बाद जिले में एक बार फिर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत विकास कार्यों की शुरुआत हो गई है। अंडाल ब्लॉक के मदनपुर पंचायत से इस महत्वाकांक्षी योजना का दोबारा आगाज किया गया है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में रोजगार और आर्थिक सुधार की नई उम्मीद जगी है। गुरुवार को अंडाल ब्लॉक के मदनपुर पंचायत अंतर्गत पलाश वन में जिलाधिकारी एस पोन्नमबलम ने खुद फावड़ा चलाकर 100 दिन रोजगार योजना का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उनके साथ अंडाल के बीडीओ देवांजन दत्ता, विधायक प्रतिनिधि जयंत मिश्रा, मदनपुर पंचायत के प्रधान पार्थ देवासी समेत अन्य आला अधिकारी मौजूद रहे।
ग्रामीणों के चेहरे खिले
क्षेत्र में करीब 5 साल बाद मनरेगा का काम शुरू होने से स्थानीय लोगों के चेहरों पर खुशी साफ देखी जा सकती है। ग्रामीणों ने बताया कि कोरोना काल और उसके बाद के वर्षों में रोजगार की कमी के कारण उन्हें काम के लिए काफी भटकना पड़ रहा था। अब अपने ही क्षेत्र में काम मिलने से परिवार का भरण-पोषण आसान होगा और रोजगार के लिए होने वाले पलायन पर भी रोक लगेगी।
जल संरक्षण और खेती को मिलेगा बढ़ावा
जिला अधिकारी एस पोन्नमबलम ने कहा, "मनरेगा योजना के तहत आज से अंडाल के पलाश वन में तालाब खुदाई का काम शुरू किया गया है। इससे ग्रामीणों को रोजगार गारंटी का लाभ तो मिलेगा ही, साथ ही जल संरक्षण और आने वाले समय में कृषि कार्यों को भारी फायदा होगा।"
अगले महीने से मिलेगी 125 दिन काम की गारंटी
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को कार्य की पूरी रूपरेखा समझाते हुए कहा कि अगले महीने से क्षेत्र में VB-G RAM G योजना शुरू होने जा रही है। इस योजना के तहत ग्रामीणों को 125 दिन के काम की गारंटी मिलेगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की आय बढ़ेगी और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। वहीं बीडीओ देवांजन दत्ता ने तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत पलाश वन मौजा में सबसे पहले तालाब खुदाई और जीर्णोद्धार का कार्य हाथ में लिया गया है। इस परियोजना के तहत लगभग 52 CFT मिट्टी की खुदाई की जाएगी। इस पूरी परियोजना को लगभग 6 लाख 45 हजार रुपये की लागत से पूरा किया जाएगा। इससे गांव के ही दर्जनों श्रमिकों को तुरंत रोजगार की गारंटी मिल गई है। इस तालाब के तैयार होने से ग्रामीणों को दैनिक कार्यों और खेती-किसानी के लिए पर्याप्त पानी मिल सकेगा।
क्या कहा विधायक प्रतिनिधि और प्रधान ने
विधायक प्रतिनिधि जयंत मिश्रा ने कहा कि राज्य की पिछली सरकार (तृणमूल कांग्रेस सरकार) की चोरी व भ्रष्टाचार एवं हिसाब नहीं देने के कारण वर्षों से यह योजना बंद थी। राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही मनरेगा योजना शुरू की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में केंद्र सरकार अगले माह से 125 दिन रोजगार की गारंटी शुरू करने जा रही है। पंचायत के प्रधान पार्थ देवासी ने प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि 5 साल के लंबे अंतराल के बाद इस योजना का दोबारा शुरू होना क्षेत्र के विकास के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा।