विधायक को सम्मानित करते आसनसोल साउथ थाना के आईसी विश्वजीत मुखर्जी  
आसनसोल

विजया सम्मेलन में प्रेम और सौहार्द का दिया गया संदेश

रवींद्र भवन में बिजया सम्मेलन का आयोजन

Suraj Choudhary

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : दुर्गा पूजा के समापन के बाद विजया उत्सव की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आसनसोल के ऐतिहासिक रवींद्र भवन में साउथ थाना की ओर से एक भव्य विजया सम्मेलन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पूरे शहर से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, जिससे पूरा सभागार प्रेम, सौहार्द और आत्मीयता के रंग में रंग गया। साउथ थाना के अधिकारियों ने सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। मंच पर उपस्थित सभी अतिथियों ने एक-दूसरे को गले मिलकर विजया दशमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। मौके पर आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि बंगाल के लिए दुर्गा पूजा सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि यह जीवन, आनंद और महासमारोह का प्रतीक है और विजया सम्मेलन इस उत्सव का सबसे आत्मीय हिस्सा है। यह बड़ों से आशीर्वाद लेने और छोटों को स्नेह देने का पर्व है, जो समाज में एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करता है। वहीं आसनसोल साउथ थाना के आईसी विश्वजीत मुखर्जी ने सभी को शुभ बिजया का अभिनंदन करते हुए पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय और विश्वास को और मजबूत करने पर जोर दिया । वहीं साउथ थाना की इस पहल की सभी ने सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन पुलिस और आम जनता के बीच की दूरी को कम करती है। इस मौके पर एसीपी सेंट्रल -1 अब्दुल गफ्फार, आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव शंभू नाथ झा, आसनसोल के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि एवं अन्य लोग मौजूद थे।

SCROLL FOR NEXT