मेधावी छात्रा को सम्मानित करते स्कूल के प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार सिंह  
आसनसोल

उखड़ा आदर्श हिंदी हाई स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

विजन लाइफ ह्यूमन राइट्स फाउंडेशन की पहल

अंडाल : उखड़ा आदर्श हिंदी हाई स्कूल प्रांगण में विजन लाइफ ह्यूमन राइट्स फाउंडेशन संस्था के तत्वावधान में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार सिंह ने की। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों के भव्य स्वागत के साथ हुआ। समारोह में इस वर्ष उच्च माध्यमिक की परीक्षा में उत्कृष्ट अंक पाने वाले उक्त स्कूल के एक दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं को सम्मान-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधायक के बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों के मन को मोह लिया।

प्रतिभाएं ही देश का भविष्य : प्रधानाध्यापक

समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि प्रतिभाओं को सम्मानित करना समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में शिक्षा, अनुशासन और संस्कार के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वही विजन लाइफ ह्यूमन राइट्स फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप कुमार सिंह ने कहा, "हमारी संस्था हमेशा से शिक्षा, मानवाधिकार, सामाजिक जागरूकता और प्रतिभा प्रोत्साहन के क्षेत्र में अग्रणी रही है। आज के युवा ही कल के राष्ट्र निर्माता हैं।" वहीं, संस्था के राष्ट्रीय महासचिव विनय भूषण पोद्दार ने संस्था द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न सामाजिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी भी साझा की।

कई गणमान्य रहे उपस्थित

समारोह में अतिथि के रूप में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के नगर मंत्री शुभम यादव, स्टेट को-कन्वेनर प्रवीण कुमार, रिद्धिक मुखर्जी एवं रोशन कुमार, फाउंडेशन के राष्ट्रीय मीडिया सचिव रामानुज कुमार साह, राष्ट्रीय संगठन सचिव संजय बर्नवाल, राष्ट्रीय कल्याण सचिव डॉ. मनोज बर्नवाल, कोर सदस्य अनुपम बर्नवाल, पवन सिंह, अनामिका भूईया, गौरव बर्नवाल, जिला अध्यक्ष गौतम कुमार साह, केंद्रीय कार्यालय प्रभारी सरस्वती तांती तथा सक्रिय सदस्य राजकुमार शाह भी मंच पर मौजूद रहे।

SCROLL FOR NEXT