इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : दुर्गापुर मेन गेट के लिंक पार्क में छठ पूजा के लिए चंदा वसूली को लेकर मारपीट होने से तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभाला एवं स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं मारपीट में शामिल तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। आरोप लगाया गया कि 500 रुपये की मांग पर 300 रुपये चंदा देने को लेकर विवाद शुरू हो गया।
वही छठ पूजा घाट पर कूपन वितरण के दौरान चंदा वसूली को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और तोड़फोड़ तक पहुंच गया। इस दौरान मनीष, विकास, आशीष के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। इसके बाद आक्रोशित लोग एक दुकान में घुसकर तोड़फोड़ करने लगे। सूचना मिलते ही वारिया फाड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
मिली जानकारी के अनुसार छठ पूजा घाट पर कमेटी के सदस्य दिनेश बरनवाल, मुकेश सिंह, नंदकिशोर यादव, शंकर मिश्रा समेत अन्य लोग कूपन वितरण कर रहे थे। आरोप है कि कमेटी की ओर से प्रत्येक डाला के पीछे 500 रुपये की मांग की जा रही थी। इस दौरान मनीष मोदी ने 500 रुपये देने में असमर्थता जताते हुए 300 रुपये चंदा देने की बात कही। इसी बात को लेकर कमेटी के सदस्यों और मनीष मोदी के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि कमेटी के सदस्यों ने मनीष मोदी और उनके तीन भाइयों के साथ मारपीट की है। इसके बाद दुकान में घुसकर तोड़फोड़ भी की गई। वहीं मारपीट में कुछ लोग घायल हुए हैं। इस बार चंदा वसूली के दौरान गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों पर भी कथित रूप से दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है। इस संदर्भ में कमेटी के सदस्य दिनेश बरनवाल से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि घटना हुई है। उन्होंने कहा कि विरोधी दल के लोग घटना को बढ़ा चढ़ाकर बता रहे हैं।