सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल :
विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को ऑल आदिवासी कमेटी आसनसोल- दुर्गापुर ने SDO कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। संगठन के बैनर तले बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के युवा, छात्र-छात्राएं पारंपरिक वाद्य यंत्रों ढोल-मांदल की थाप पर जुलूस निकालते हुए SDO कार्यालय पहुंचे। जुलूस के दौरान प्रदर्शनकारियों के हाथों में मांगों से संबंधित तख्तियां और बैनर थे। संगठन के प्रतिनिधियों ने बताया कि आदिवासी समाज के विद्यार्थियों और युवाओं से जुड़े शैक्षणिक, सामाजिक और विकास संबंधी कई महत्वपूर्ण मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं। छात्रवृत्ति, शिक्षा की सुविधा, रोजगार और आदिवासी समुदाय के अधिकारों से जुड़े विषयों पर प्रशासन को गंभीरता से पहल करने की जरूरत है। SDO के समक्ष प्रदर्शन के बाद संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। सदस्यों ने अधिकारियों के समक्ष विस्तार से अपनी बात रखी और मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। ऑल आदिवासी कमेटी आसनसोल दुर्गापुर एवं आदिवासी स्टूडेंट यूथ फोरम के सदस्यों ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल ज्ञापन सौंपना नहीं है, बल्कि समस्याओं का स्थायी समाधान निकालना है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से वे अपनी आवाज प्रशासन तक पहुंचाते रहेंगे। आगे कहा कि एसडीओ साधन देबनाथ ने आश्वासन दिया है कि कि प्रशासन जल्द ही उनकी मांगों पर विचार कर आवश्यक कदम उठाएगा। इस मौके पर ऑल आदिवासी कमेटी आसनसोल दुर्गापुर के सदस्य उपस्थित थे।