संजय, सन्मार्ग संवाददाता
बांकुड़ा : शहर के जिला परिषद ऑडिटोरियम में बांकुड़ा एमडीबी डीएवी पब्लिक स्कूल द्वारा सीबीएसई 10वीं और 12वीं बोर्ड के होनहार विद्यार्थियों के लिए वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह ‘ALTIORA-2026’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके माता-पिता को भी मंच पर सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार डॉ सुब्रत गुप्त शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों में बांकुड़ा डीएम अनीश दासगुप्ता, बांकुड़ा रेंज के डीआईजी अभिषेक मोदी, एसपी वीजी सतीश पशुमार्थी, एडीएम (जी) चिरंतन प्रमाणिक, एडीएम (जिला परिषद) सौमेन माइती और डीएवी पश्चिम बंगाल जोन के रीजनल ऑफिसर पापिया मुखर्जी उपस्थित थे। इनके साथ ही डोनर फैमिली प्रतिनिधि विष्णु बाजोरिया, एलएमसी सदस्य विनय बाजोरिया और राज्य के विभिन्न डीएवी स्कूलों के प्राचार्यों ने शिरकत की। स्कूल के प्राचार्य अमित कुमार दास ने बताया कि समारोह में सीबीएसई परीक्षा में राज्य में प्रथम स्थान हासिल करने वाली विद्यालय की छात्रा आइवी राय को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। 10वीं कक्षा के 51 और 12वीं कक्षा के 19 सफल विद्यार्थियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र दिए गए। विद्यालय प्रबंधन की ओर से 12 उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं को कुल 2,74,241 रुपये की विशेष छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से डरें नहीं, इसे अपना हुनर बनाएं’: डॉ. सुब्रत गुप्त
मुख्य अतिथि डॉ. सुब्रत गुप्त ने विद्यार्थियों को भविष्य के लिए तैयार रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तेजी से कार्यक्षेत्र को बदल रहा है। छात्रों को तकनीक के बदलाव से डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि इसे एक कौशल के रूप में सीखना चाहिए। एआई का व्यावहारिक ज्ञान आने वाले समय में रोजगार और शोध के नए अवसर खोलेगा। कार्यक्रम में उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों ने भी बच्चों को अनुशासन, निरंतर अभ्यास और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।