बरामद हथियार  
आसनसोल

माओवादियों के ठिकाने से भारी मात्रा में हथियार व कारतूस बरामद

पुलिस 3 राइफल, 1 पिस्तौल और 46 कारतूस बरामद की है

Gopal Kumar Singh

‌सन्मार्ग संवाददाता

पुरुलिया : गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाकर पुरुलिया जिला पुलिस ने माओवादियों द्वारा कथित रूप से छोड़कर रखे गए तीन राइफल, एक पिस्तौल और 46 कारतूस बरामद किए हैं। हथियार और कारतूस बंदोवान थाना क्षेत्र के द्वारसिनी जंगल में झारखंड सीमा से सटे इलाके से बरामद किए गए। हाल के दिनों में झारखंड और बांकुड़ा क्षेत्र में कई माओवादियों के आत्मसमर्पण के बाद पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। इसके आधार पर पश्चिम बंगाल और झारखंड पुलिस के साथ केंद्रीय सुरक्षा बलों ने माओवादियों के संभावित गुप्त ठिकानों की तलाश में संयुक्त अभियान तेज किया है। इससे पहले भी जंगल से माओवादियों के इस्तेमाल में आने वाले बर्तन, खाट सहित कई सामान बरामद किए गए थे। जिला पुलिस अधीक्षक कुमार सनी राज ने बताया कि झारखंड सीमा से सटे इलाकों में लगातार गश्त और निगरानी बढ़ाई गई है। इसी क्रम में द्वारसिनी जंगल से हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस अब जिले के अन्य संभावित ठिकानों का पता लगाने के लिए भी जांच कर रही है। माओवादी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में अभियान और निगरानी जारी है।

SCROLL FOR NEXT