आसनसोल

सेंट्रल वेज देने पर प्रबंधन सहमत : INTUC

ठेका श्रमिकों के लिए बड़ी खुशखबरी

Suraj Choudhary

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

बर्नपुर : SAIL-ISP प्लांट में कार्यरत ठेका श्रमिकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। INTUC (ठेकेदार मजदूर कांग्रेस) के लगातार संघर्ष और दृढ़ पहल के परिणामस्वरूप प्रबंधन ठेका श्रमिकों को केंद्रीय वेतन दर देने के लिए सहमत हो गया है। यह लाभ नवंबर माह के वेतन से लागू होगा। इसका लाभ SAIL-ISP प्लांट में कार्यरत सभी ठेका श्रमिकों को मिलेगा, जिनमें सेनेटरी , प्रोजेक्ट, सिक्योरिटी तथा प्लांट के विभिन्न विभागों में कार्यरत ठेका कर्मचारी शामिल हैं। INTUC ने कहा कि यह केवल आर्थिक लाभ नहीं है, बल्कि श्रमिकों के विश्वास, एकजुटता और निरंतर संघर्ष की बड़ी जीत है। लंबे समय से ठेका श्रमिक सेंट्रल वेज की मांग कर रहे थे, जिसे अब प्रबंधन ने स्वीकार कर लिया है। हालांकि INTUC ने स्पष्ट किया कि लड़ाई अभी पूरी नहीं हुई है। आज भी प्रबंधन एवं संबंधित सरकारी स्तर पर सेंट्रल गवर्नमेंट और स्टेट गवर्नमेंट वेलफेयर देने को लेकर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है। INTUC का कहना है कि वेलफेयर अलाउंस ठेका श्रमिकों का अधिकार है, कोई एहसान नहीं। इसे दिलाने के लिए संगठन लगातार संघर्ष करेगा और अपनी पूरी ताकत लगा देगा। संगठन का संकल्प है कि सेंट्रल वेज की उपलब्धि को सुनिश्चित किया जाए, वेलफेयर अलाउंस का अधिकार हासिल किया जाए और ठेका श्रमिकों के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक हितों की रक्षा की जाए। INTUC ने सभी ठेका श्रमिक भाइयों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आपकी जीत है, आपके संघर्ष की जीत है और आपकी एकजुटता की जीत है।

SCROLL FOR NEXT