आसनसोल

बुजुर्ग की हत्या के अभियुक्त को सुनाई गई उम्रकैद की सजा

मुर्शिदाबाद : करीब साढ़े तीन साल पहले दुर्गा पूजा की रात सिर पर ईंट मारकर एक बुजुर्ग की हत्या के मामले में एक अभियुक्त को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। गुरुवार को लालबाग स्पीडी डिस्पोजल फर्स्ट सेशंस कोर्ट के जज ऋषि कुशारी ने हत्या के अभियुक्त शिवा मंडल को उम्रकैद और 30,000 रुपया जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना नहीं देने पर उसे तीन महीने और जेल की सजा काटनी होगी। कोर्ट सूत्रों के मुताबिक, 2 अक्टूबर 2022 को भगवानगोला थाना इलाके के नौदापाड़ा घोषपाड़ा के रहने वाले 65 साल के विश्वनाथ घोष रात करीब 8:30 बजे अपने घर से निकले थे। वह उस रात घर नहीं लौटे। अगली सुबह भगवानगोला के तालतला में एक नर्सिंग होम के पास से बुजुर्ग का शरीर पॉलीथीन बैग से ढका हुआ मिला। आस-पास के लोगों ने यह देखा और भगवानगोला पुलिस स्टेशन को इन्फॉर्म किया। उस दिन मृतक की पत्नी कल्पना घोष ने भगवानगोला थाने में बुजुर्ग की हत्या की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने खास धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की और उसी रात श्यामपुर गुनीपारा निवासी अभियुक्त शिवा मंडल को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त गिरफ्तारी के बाद से ही जेल में था। यह मामला करीब साढ़े तीन साल से चल रहा था। 21 लोगों की गवाही और सबूतों के आधार पर जज ने बुधवार को शिवा मंडल को दोषी पाया। उन्होंने गुरुवार को उसे सजा सुनाई। मृतक की पत्नी कल्पना घोष अपने पति की हत्या का फैसला सुनने के लिए लालबाग अनुमंडल कोर्ट में मौजूद थीं। उम्रकैद की सजा सुनने के बाद उनके चेहरे पर संतोष दिखा। उन्होंने कहा, उस रात 8:30 बजे वह पूजा की प्रतिमा देखने के लिए घर से निकऐ थे और इसके बाद घर नहीं लौटे। अगली सुबह उन्हें लोगों से पता चला कि उनके पति की हत्या कर दी गई है और उनका शव तालतला के एक नर्सिंग होम के पास फेंक दिया गया है। वे अपने पति के हत्यारे को मिली उम्रकैद की सजा से संतुष्ट हैं। मृतक के बेटे डालिम घोष ने बताया कि युवक शराब के नशे में था। शायद किसी बात पर हुए विवाद के कारण उसने ईंट से उसके पिता के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। सरकारी वकील नसीम शेख ने बताया कि पुलिसिया पूछताछ में युवक ने हत्या की बात कबूल कर ली थी। कोर्ट ने उसे सेक्शन 302 के तहत दोषी पाया और सजा सुनाई। आरोपी के वकील मोहम्मद अबू रेहान ने कहा कि वह कोर्ट के फैसले के खिलाफ हाई कोर्ट जाएंगे।

SCROLL FOR NEXT