गिरफ्तार अभियुक्त को अदालत ले जाती पुलिस  
आसनसोल

रामपुर एमवीआई चेकपोस्ट का एक दलाल मामा गिरफ्तार

गिरफ्तार एमवीआई निरीक्षकों की निशानदेही पर पुलिस का अगला कदम

कुल्टी : एनएच 19 स्थित रामपुर एमवीआई चेकपोस्ट से गिरफ्तार दो निरीक्षकों की निशानदेही पर कुल्टी पुलिस ने डीबुडीह चेकपोस्ट के पास मामा होटल के मालिक व पैसे लेकर ट्रकों को पास कराने वाले दलाल अभिजीत घोष उर्फ मामा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गिरफ्तार दलाल को आसनसोल कोर्ट भेज दिया जहां से उसे 3 दिनों की रिमांड पर भेज दिया गया। इस मामले के जांचकर्ता व एसीपी कुल्टी जावेद हुसैन ने कहा कि अभिजीत से पूछताछ की जायेगी। अभिजीत घोष उर्फ मामा से पूछताछ के बाद रामपुर एमवीआई चेकपोस्ट पर अवैध वसूली में शामिल अन्य दलालों को गिरफ्तार किया जायेगा। आरोप है कि इन दलालों के माध्यम से एमवीआई के अधिकारी मालवाहक ट्रकों से टैक्स के नाम पर अवैध रूप से मोटी रकम की वसूली करते थे। जानकारी के मुताबिक इस खेल में दर्जनों दलाल शामिल हैं जिन्हें शीघ्र ही गिरफ्तारी कर अवैध वसूली के धंधे का पर्दाफाश किया जायेगा। अभिजीत घोष नामक दलाल की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही दलालों में भगदड़ मच गयी। सूत्रों के अनुसार डीबुडीह चेक पोस्ट से चौरंगी मोड़ एवं चित्तरंजन रोड पेट्रोल पम्प तक दर्जनों दलाल हैं जिनमें अधिकांश दलालों के अपनी होटल हैं जहां ट्रक ड्राइवरों की भीड़ बनी रहती थी। ज्ञातव्य हो कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर रामपुर एमवीआई चेकपोस्ट पर तैनात दो निरीक्षक नाजीमूल हक एवं अनुपम बनर्जी को निलंबित कर गिरफ्तार किया गया है।पुलिस उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ करने में जुटी हुयी है।

SCROLL FOR NEXT