आसनसोल

छठ पूजा पर आसनसोल-दुर्गापुर में ट्रैफिक पर बड़ी पाबंदी

15-16 नवंबर को मालवाहक वाहनों पर रोक /पुलिस कमिश्नर ने जारी किया आदेश

Suraj Choudhary

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने ट्रैफिक को लेकर बड़ा आदेश जारी किया है। पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार ने यह आदेश 15 नवंबर और 16 नवंबर को पूरे कमिश्नरेट इलाके में जारी किया है। पुलिस का कहना है कि छठ के दौरान घाटों पर भारी भीड़ उमड़ेगी, इसलिए पहले से ही ट्रैफिक व्यवस्था को कड़ा किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। आदेश के अनुसार, आसनसोल, जामुड़िया, रानीगंज, कुल्टी, दुर्गापुर, पांडवेश्वर और कांकसा इलाके में मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। ज्यादातर रूटों पर 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक और 16 नवंबर को रात 2 बजे से सुबह 11 बजे तक पाबंदी लागू रहेगी। इस दौरान भारी वाहनों को शहर के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। आसनसोल में छातापत्थर मोड़ से आसनसोल टाउन, रामबंधु तालाब मोड़ से इस्माइल मोड़, जुबली मोड़ से आसनसोल टाउन, धदका मोड़, कल्ला मोड़, बेलडांगा क्रॉसिंग, रिलायंस मोड़, कुमारपुर रेलवे साइडिंग से जुबली मोड़, आरसीआई ब्लू फैक्ट्री मोड़ से धदका अंडरपास और लालगंज से जुबली की ओर मालवाहक वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। जामुड़िया में थाना मोड़ से जामुड़िया बाजार तक रोक रहेगी। रानीगंज में रानीगंज मोड़, गिरजापाड़ा मोड़, बल्लवपुर और मंगलपुर मोड़ से शहर में मालवाहक वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। वाहनों को रानीगंज बाईपास से डायवर्ट किया जाएगा। कुल्टी में न्यू रोड मोड़, डुबुरडीह मोड़, चौरंगी मोड़, इस्को मोड़ और इस्को रोड से दिसेरगढ़ ब्रिज तक पाबंदी रहेगी। दुर्गापुर में गांधी मोड़ से माया बाजार में 6 पहिया और उससे बड़े वाहनों पर रोक रहेगी। दुर्गापुर हाउस रोटरी से आई-सेक्टर रोटरी तक 4 पहिया और मालवाहक वाहनों पर रोक रहेगी। डीवीसी मोड़ से बांकुड़ा मोड़ और मुचीपाड़ा मोड़ से बांकुड़ा मोड़ तक भी पाबंदी लागू होगी। पांडवेश्वर में गालघाटा से तुमुनी ब्रिज के बीच एनएच-60 पर दोनों तरफ रोक रहेगी। कांकसा में दार्जिलिंग मोड़ से ग्राम पानागढ़ होटल और पानागढ़ बाजार 4 प्वाइंट से रेल-गेट तक रोक रहेगी।‌बस और प्राइवेट कार के लिए भी डायवर्शन जारी किया गया है। कल्ला-दोमोहानी रोड पर गौरांडी से लालगंज होते हुए जुबली की ओर डायवर्शन दिया गया है। रानीगंज बस स्टैंड में कोई बस नहीं जाएगी। बसें पंजाबी मोड़ और गिरजापाड़ा तक ही जाएंगी। कोलकाता जाने वाले मालवाहक होल्डिंग प्वाइंट पर रोका जायेगा: कोलकाता जाने वाले मालवाहक वाहनों को तय होल्डिंग प्वाइंट पर रोका जाएगा। डुबुरडीह, दामगोरिया व लक्ष्मणपुर में 600, रिलायंस मोड़ पर 130, सतग्राम दाहर पर 135, मंगलपुर में 220, कजोरा सर्विस रोड पर 55, एबीएल मोड़ से इंडो-अमेरिकन मोड़ पर 130, पंचखाल में 25, टाटा गेट व बसुधा में 150, इंडस्ट्रियल पार्क पानागढ़ में 350 और मानकर सर्विस लेन में 150 वाहनों को रखने की व्यवस्था की गई है। इन वाहनों पर 15 नवंबर को सुबह 9:30 बजे से रात 8 बजे तक और 16 नवंबर को रात 12:30 बजे से सुबह 8 बजे तक रोक रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि छठ पूजा के दौरान तय समय पर इन रूटों पर जाने से बचें, वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

SCROLL FOR NEXT