बर्दवान : शुक्रवार रात बर्दवान विश्वविद्यालय के यूआईटी गणना केंद्र की दीवार पर रस्सी के सहारे एक युवक के चढ़ने की घटना से इलाके में भारी तनाव फैल गया। इस पूरी घटना का वीडियो बर्दवान उत्तर से भाजपा उम्मीदवार संजय दास ने बनाया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो में क्या दिखा ?
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक रस्सी के सहारे ऊपर चढ़ रहा है, जबकि दूसरा व्यक्ति छत पर खड़ा है। रात के अंधेरे में मतगणना केंद्र की छत पर ये लोग कौन थे, इसे लेकर भाजपा उम्मीदवार ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के स्ट्रांग रूम में बर्दवान के 5 विधानसभा क्षेत्रों की ईवीएम (EVM) रखी गई हैं। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों का दावा है कि पूरे भवन को त्रि-स्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा गया है। इमारत और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में 24 घंटे हथियारों के साथ केंद्रीय बल तैनात हैं। गेट और कैंपस के एक निश्चित हिस्से तक सशस्त्र राज्य पुलिस का पहरा है। इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद बाहरी व्यक्तियों का छत पर दिखना कई सवाल पैदा कर रहा है।
राजनीतिक दलों के आरोप
भाजपा नेता संजय दास ने आरोप लगाते हुए कहा कि अपरिचित लोग छत पर चढ़ रहे हैं। बिल्डिंग के अंदर से कुछ तोड़ने जैसी तेज आवाजें आ रही हैं। कल काफी देर तक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे का डिस्प्ले बंद रहा है। वहीं तृणमूल छात्र परिषद के जिलाध्यक्ष स्वराज घोष ने कहा कि दो केंद्रों के सीसीटीवी कैमरों का समय वर्तमान समय से 1-2 मिनट आगे चल रहा है। डिस्प्ले बार-बार बंद हो रहा है। उन्होंने शिकायत की कि बार-बार बोलने के बावजूद चुनाव आयोग कोई समाधान नहीं कर रहा है।
अधिकारियों ने कहा
वहीं जिला चुनाव विभाग के सूत्रों के अनुसार, गणना केंद्रों के कमरों में एसी (AC) लगाने और नए सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम चल रहा है। प्रशासन का कहना है कि इन सभी कार्यों के बारे में राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों को पहले ही सूचित कर दिया गया था।