सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : त्योहारी सीजन में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य सामग्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। गुरुवार को चित्रा मोड़ के पास स्थित एक दुकान का जिसका निम तला पंजाबी पारा स्थित खाद सामग्री बनाने के गोदाम पर ईबी एफएसओ (फूड सेफ्टी ऑफिसर) और हीरापुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। जांच के दौरान टीम को दुकान में बनाई जा रही खाने की सामग्री में नॉन परमिटेड फूड कलर का इस्तेमाल मिला। अधिकारियों ने मौके पर ही बड़ी मात्रा में रंग मिली खाद्य सामग्री को नष्ट कर दिया। लाइसेंस भी नहीं था - FSO आसनसोल के फूड सेफ्टी ऑफिसर सुकृति मुखर्जी ने बताया कि दुकान के पास वैध फूड लाइसेंस भी नहीं था। बिना लाइसेंस के ही खाद्य सामग्री का निर्माण और बिक्री की जा रही थी, जो खाद्य सुरक्षा मानकों का सीधा उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि दुकानदार को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि जहां खाने की सामग्री बनती है, उस जगह की साफ-सफाई और हाइजीन का विशेष ध्यान रखा जाए। केवल सरकार द्वारा परमिटेड फूड कलर का ही इस्तेमाल किया जाए। जल्द से जल्द लाइसेंस के लिए आवेदन किया जाए। एफएसओ ने बताया कि अगर भविष्य में फिर से नियमों का उल्लंघन पाया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें जुर्माना और दुकान सील करने की कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।
पुलिस की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
हीरापुर थाना पुलिस की मौजूदगी में यह पूरी कार्रवाई की गई ताकि किसी तरह की बाधा न आए। प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में आसनसोल के अन्य इलाकों में भी इसी तरह की छापेमारी जारी रहेगी। आम लोगों से भी अपील की गई है कि अगर उन्हें कहीं संदिग्ध या मिलावटी खाद्य सामग्री की जानकारी मिलती है तो तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दें।