सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : आसनसोल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान चोरी की शिकायतों को लेकर RPF ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत RPF पोस्ट आसनसोल (वेस्ट) के प्रभारी बिमान गोराई के नेतृत्व में RPF पोस्ट आसनसोल (वेस्ट) के अधिकारियों और CPDS टीम आसनसोल द्वारा रेल मदद शिकायत पर छापेमारी और निगरानी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान टीम ने एक शातिर चोर को पकड़ा। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान मोहम्मद अरमान, जो झरिया( धनबाद )का रहने वाला है । तलाशी के दौरान उसके पास से 2 एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए गए, जो उसने धनबाद और आसनसोल के बीच चलने वाली विभिन्न ट्रेनों में यात्रियों से चोरी किए थे। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह यात्रियों से मोबाइल फोन छीनने और चोरी करने की वारदातों को अंजाम देता था। RPF ने बीएनएस के तहत सभी कानूनी औपचारिकताओं का पालन करते हुए गवाहों की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के साथ बरामद मोबाइल फोनों को जब्ती सूची में जब्त किया। इसके बाद पकड़े गए व्यक्ति को जब्त किए गए दोनों मोबाइल फोन के साथ अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु जीआरपीएस/आसनसोल को सौंप दिया गया।