सन्मार्ग संवाददाता
पुरुलिया : जिले के प्रसिद्ध मौवतोड़ मां बड़ाकाली मंदिर में चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में रोष व्याप्त हो गया है। मंदिर में विराजमान मां बड़ाकाली की प्रतिमा पर चढ़े लाखों रुपये मूल्य के बहुमूल्य आभूषण चोरी कर बदमाश फरार हो गये। शुक्रवार सुबह मंदिर के सेवायत जब पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, तो मंदिर के कई ताले टूटे देखकर उनके होश उड़ गये। अंदर जाकर देखा तो मां के श्रृंगार में शामिल बहुमूल्य आभूषण गायब थे। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। सेवायतों के अनुसार, रोज की तरह शुक्रवार सुबह मंदिर पहुंचने पर उन्हें चोरी का पता चला। मंदिर के मुख्य द्वार सहित अंदर लगे कई तालों को तोड़ा गया था। आशंका है कि बदमाश रात के अंधेरे में मंदिर में दाखिल हुए और मां की प्रतिमा से आभूषण उतारकर फरार हो गये। जिस मंदिर में वर्षों से श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर मां के चरणों में शीश झुकाते हैं, वहीं इस तरह की घटना सामने आने से भक्तों में गहरा आक्रोश और दुख है। घटना की सूचना मिलते ही रघुनाथपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। रघुनाथपुर के एसडीपीओ रोहेद शेख के नेतृत्व में पुलिस ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। दोपहर बाद स्थानीय विधायक एवं मंत्री नदियार चांद बाउरी, जिला पुलिस अधीक्षक कुमार सानिराज सहित पुलिस के अन्य अधिकारी भी मंदिर पहुंचे। मंत्री ने घटना पर चिंता जताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। जिला पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। हालांकि बताया गया कि सीसीटीवी का हार्डडिस्क तकनीकी खराबी के कारण ठीक से काम नहीं कर रहा था। पुलिस हार्डडिस्क को अपने साथ ले गयी है, ताकि तकनीकी जांच के माध्यम से घटना से जुड़े सुराग तलाशे जा सकें। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अब तक सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।