सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : श्रीश्री सार्वजनिक महावीर दल अखाड़ा, शांतिनगर महावीर स्थान की ओर से हीरापुर थाना के ओसी अखिलेश सिंह को सम्मानित किया गया। गौरतलब है कि आयोजित सम्मान समारोह में अखाड़ा के सचिव बालेश्वर यादव ने ओसी को पगड़ी पहनाकर और बजरंगबली का फोटोफ्रेम देकर सम्मानित किया। अखाड़ा समिति ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने, सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने और त्योहारों के दौरान बेहतर प्रबंधन के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग सराहनीय रहा है। विशेषकर महावीर अखाड़ा और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान हीरापुर थाने की भूमिका अहम रही
है। इसी को देखते हुए अखाड़ा समिति ने ओसी का अभिनंदन करने का निर्णय लिया। सचिव बालेश्वर यादव ने कहा कि पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय से ही क्षेत्र में अमन-चैन कायम रह सकता है। हीरापुर थाना ने अपने कर्तव्योंनिर्वहन पूरी निष्ठा से किया है और हर समय समाज के साथ खड़े रहे हैं। वहीं सम्मान पाकर ओसी अखिलेश सिंह ने अखाड़ा समिति का आभार जताया और कहा कि पुलिस हमेशा जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर है। भविष्य में भी इसी तरह सहयोग बना रहेगा। इस मौके पर बेचू यादव, राज किशोर मेहता, संजीव यादव, विनोद सिंह, मनोज यादव सहित अखाड़े के कई सदस्य और स्थानीय लोग उपस्थित थे।