बर्नपुर : दुर्गापूजा में अब बस कुछ ही दिन बचे हैं और पंडाल निर्माण का काम जोर-शोर से चल रहा है। बता दें कि दो दिन की बारिश ने पंडाल आयोजकों में भय का माहौल पैदा कर दिया था, लेकिन मंगलवार की सुबह आयोजकों के लिए आशा की किरण लेकर आई और कारीगर पंडाल निर्माण के काम में जुट गए। वहीं मां दुर्गा का भव्य पंडाल, चारों तरफ पूजा की पवित्रता व मां दुर्गा की बन रही प्रतिमा से पूरा वातावरण दुर्गा पूजा के रंग में रंग गया है। इसी क्रम में बर्नपुर स्थित नेताजी स्पोर्टिंग क्लब अपने भव्य पंडाल के लिए कई वर्षों से जाना जाता है एवं इस बार इसका 54 वां वर्ष होने जा रहा है। साथ ही नेताजी स्पोर्टिंग क्लब हर साल किसी न किसी विशेष थीम पर पंडाल बनाकर दर्शनार्थियों को अपनी ओर आकर्षित करता है। इस बार भी कुछ अनोखी थीम पर पंडाल बनाया जा रहा है, जो इच्छाओं का पंख पर आधारित मां दुर्गा की बहुरूप थीम है।
क्या हैं पंडाल की विशेषता
नेताजी स्पोर्टिंग क्लब के कन्वेनर अमित सिंह ने बताया कि इस बार नेताजी स्पोर्टिंग क्लब दुर्गापूजा में कुछ अलग तरह का पंडाल बना रहा है, जिसमें मां दुर्गा पक्षी के रूप में उड़ती नजर आयेंगी। साथ ही उन्होंने बताया कि इस वर्ष मां दुर्गा इच्छाओं के पंख पर बैठकर कर दर्शनार्थियों को अपनी इच्छाओं के अनुरूप उड़ने के लिए जागरूक करेंगी। इस पंडाल का निर्माण स्थानीय कारीगरों द्वारा पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल तरीके से और प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने बताया कि इस पूजा में नेताजी स्पोर्टिंग क्लब के अध्यक्ष नरेश अग्रवाल, सचिव शिव कुमार राम, मुख्य सलाहाकार अशोक रूद्र, शंभू अग्रवाल, प्रदीप माजी, रणवीर साहा, मिथिलेश सिंह व क्लब के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योदगान है।