आसनसोल : आसनसोल नगर निगम की वार्ड संख्या 58 के धेमोमैन कोलियरी इलाके से एक गंभीर और सनसनीखेज घटना सामने आई है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया है कि बुधवार देर रात भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता बीके यादव के घर पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया, जिसमें बीके यादव समेत उनके परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भाजपा कार्यकर्ता बीके यादव ने बताया कि बुधवार शाम धेमोमैन कोलियरी के 6 नंबर शिव मंदिर प्रांगण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में पूजा-अर्चना और आरती के माध्यम से प्रधानमंत्री के दीर्घायु होने तथा देश की प्रगति की कामना की जा रही थी। आरोप है कि उसके बाद देर रात संजय नोनिया ने अपने समर्थकों के साथ बीके यादव के घर पर हमला कर दिया।
धारदार हथियारों से हमले का आरोप
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में लोग लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के साथ घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों पर हमला किया। आरोप है कि बीके यादव, उनके भाई तथा अन्य परिजनों को गंभीर चोटें आई हैं और कई लोगों को टांके लगाने पड़े हैं।
महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार का आरोप
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने घर की महिलाओं के साथ भी दुर्व्यवहार किया। आरोपों के मुताबिक एक गर्भवती महिला के साथ मारपीट की गई, एक बुजुर्ग महिला को घसीटा गया तथा अन्य महिलाओं को धमकियां दी गईं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।
अस्पताल पहुंचे भाजपा नेता
घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा के जिला सचिव सत्यजीत दास, जिला मीडिया प्रभारी संतोष कुमार "टिंकू" वर्मा, मंडल अध्यक्ष अमर प्रसाद, सुनील भर सहित कई नेता अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। नेताओं ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा अभियुक्तों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। मामले में अभी तक आरोपित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। तृणमूल के पूर्व पार्षद रोहित नोनिया एवं संजय नोनिया से संपर्क करना चाहा तो दोनों के मोबाइल बंद थे।
धेमोमेन हमलाकांड में तीन अभियुक्त गिरफ्तार
धेमोमेन कोलियरी क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता और उनके परिवार पर हुए कथित जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में आसनसोल साउथ थाना में कुल 27 लोगों के नाम पर मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में जितेंद्र प्रसाद नोनिया, संजीत नोनिया, सुरेश बर्णवाल शामिल हैं। गुरुवार को गिरफ्तार अभियुक्तों को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें पांच दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया था और भाजपा नेताओं ने अभियुक्तों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब रिमांड के दौरान अभियुक्तों से पूछताछ कर हमले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका तथा घटना के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने का प्रयास करेगी।