आसनसोल

30 नवंबर तक बोनस नहीं देने वाले संस्थानों पर होगी कानूनी कार्रवाई : उप मुख्य श्रम आयुक्त

डीएसपी के 3 हजार ठेका कर्मियों को मिलेगा सेंट्रल वेज का लाभ

Gopal Kumar Singh

सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : शहर के कन्यापुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित उप मुख्य श्रम आयुक्त (सेंट्रल) कार्यालय में शनिवार की शाम एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उप मुख्य श्रम आयुक्त केसी साहू ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि सेंट्रल संस्थानों को 30 नवंबर तक श्रमिकों को बोनस भुगतान करने का निर्देश दिए गए हैं। इसे पूरा नहीं करने वाले संस्थानों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि बीते 18 नवंबर को सेल आईएसपी बर्नपुर के करीब 12 हजार ठेका श्रमिकों का सेंट्रल वेज लागू कराने के बाद 20 नवंबर को डीएसपी के 3 हजार ठेका श्रमिकों को सेंट्रल वेज का लाभ दिलाने में सफलता प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि डीएसपी अपने ठेका श्रमिकों को पहले से ही सेंट्रल वेज से अधिक का भुगतान कर रहा था। इसके तहत तीन हजार श्रमिक इस लाभ से वंचित थे। अब सभी को सेंट्रल वेज का लाभ मिलेगा। तीन हजार श्रमिकों को सालाना साढ़े सात करोड़ का अतिरिक्त लाभ प्राप्त होगे। उन्होंने कहा कि सेंट्रल संस्थानों में सेंट्रल वेज लागू करना अनिवार्य है। इसके लिए कई बैठकें की गई थी।

श्रमिकों को अपने हक और मौलिक अधिकार की जानकारी का अभाव

उप मुख्य श्रम आयुक्त केसी साहू ने कहा कि विभिन्न संस्थानों में कार्यरत श्रमिकों को अपनी हक और मौलिक अधिकार की जानकारी नहीं होने से उनका शोषण किया जाता है। बिना शिकायत के श्रम आयुक्त कुछ नहीं कर सकते हैं। श्रमिकों की ओर से काफी कम शिकायतें मिलती हैं जिसका स्थायी समाधान किया जाता है। ट्रेड यूनियन भी पहल नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को अपना अधिकार पाने के लिए आसनसोल नहीं आकर अपने नजदीक के कार्यालय में शिकायत कर समाधान पा सकते हैं। दुर्गापुर, उखड़ा, बांकुड़ा, नियामतपुर आदि कई जगहों पर सेंट्रल श्रम आयुक्त की शाखा कार्यालय है। ऐसे श्रमिकों की जानकारी के लिए उप श्रम आयुक्त कार्यालय की ओर से समाधान पोर्टल चालू किया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से जानकारी लेने के साथ शिकायत भी दर्ज कराकर समस्या का समाधान करा सकते हैं।

SCROLL FOR NEXT