आसनसोल : बीते 17 जुलाई को आसनसोल जिला अदालत परिसर में एक व्यक्ति समेत कुछ अज्ञात महिलाओं ने आसनसोल जिला कोर्ट के कुछ वकीलों से दुर्व्यवहार कर उन पर हमला कर दिया था। उक्त मामले को लेकर आसनसोल दक्षिण थाना में वकीलों पर हमला करने वाले लोगों के खिलाफ एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके तुरंत बाद यह भी सुनने को आया था कि उक्त मामले में शामिल कुछ वकीलों पर भी एक अन्य झूठा मामला दर्ज कर लिया गया है। हालांकि पुलिस ने बिना किसी जांच - पड़ताल तथा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष व सचिव को जानकारी दिए ही मामला दर्ज कर लिया था। बता दें कि वकीलों के खिलाफ जो मामला हुआ है, वह सरासर गलत निकला, कारण जिसने शिकायतकर्ता बनकर थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई थी, वह उस दिन कोर्ट में मौजूद ही नहीं थी। वहीं उसने अपनी शिकायत में कहा है कि वह उस दिन कोर्ट में अपने लोगों के साथ मौजूद थी। इसके साथ ही उक्त मामले पर ऐसे भी वकीलों को दोषी ठहराया गया था, जो उस दिन कोर्ट में उपस्थित ही नहीं थे। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए आसनसोल जिला बार एसोसिएशन की तरफ से यह सख्त कदम उठाया गया है कि कोर्ट परिसर में शहर के किसी भी थाना पुलिस के वाहन को प्रवेश नही करने दिया जाएगा। उक्त मामले को लेकर बीते शनिवार से ही वकीलों ने अपना आंदोलन जारी रखा है।
बैठक में भी नहीं लिया जा सका कोई निर्णय
आसनसोल जिला कोर्ट के डिस्ट्रिक्ट जज देव प्रसाद नाथ ने मंगलवार को इस मामले को सुलझाने के लिए आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसी सेंट्रल ध्रुव दास को अपने चेम्बर में बुलाया था। इसके बाद डिस्ट्रिक्ट जज ने आसनसोल बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को भी बुलाया। हालांकि उक्त मामले पर दोनों पक्षों की बातचीत के दौरान किसी प्रकार का उचित समाधान नहीं निकलने पर आसनसोल बार एसोसिएशन के सभागार में पुनः एक मीटिंग की गई, जिसके बाद आसनसोल जिला कोर्ट के वकीलों ने अपना उग्र रूप अपनाते हुए अपना आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया। बता दें कि इससे पहले भी उक्त मामले को लेकर शहर के कुछ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले को शांत कराने की भरपूर कोशिश की थी, हालांकि वकीलों ने उनकी एक न सुनी थी।
अपनी मांग पर अडिग रहे वकील
इस दौरान वकीलों ने कहा था कि अब जो भी बात होगी, वह आसनसोल के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अथवा पुलिस कमिश्नर से ही होगी। उनसे ही बात कर मामले पर उचित समाधान निकाला जाएगा। वहीं सोमवार को उक्त मुद्दे को लेकर सभी वकील कोर्ट के किसी भी अदालती काम काज को न कर कोर्ट के मेन गेट के सामने डटे खड़े रहे। हालांकि इस दौरान बार एसोसिएशन की ओर से एसोसिएशन कक्ष में मीटिंग कर यह निर्णय लिया गया कि जब तक इस मामले पर उचित समाधान नहीं निकलेगा, तब तक उनका आंदोलन लगातार जारी रहेगा। हालांकि बुधवार अर्थात आज भी वकीलों का आंदोलन जारी रहने की संभावना है।