आसनसोल

अलग-अलग थाना इलाकों से बड़ी मात्रा में बम बरामद

कुल 90 से ज्यादा बम मिलने से लोगों में फैली सनसनी

मुर्शिदाबाद : मुर्शिदाबाद जिले में एक ही दिन में कई थाना इलाकों में ताजे बमों से भरी बाल्टियां मिलने की घटना से सनसनी फैल गई है। पुलिस ने चार अलग-अलग थाना इलाकों से बड़ी मात्रा में ताजे बम बरामद किए हैं। बम मिलने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। जिले के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि चार थाना इलाकों से 90 से ज्यादा बम बरामद किए गए हैं। बम किस मकसद से रखे गए थे, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, बम मिलने के मामले में किसी को हिरासत में नहीं लिया गया एवं गिरफ्तार भी नहीं किया गया है। शमशेरगंज थाना इलाके के लस्करपुर इलाके में आम के बगीचे में गांव वालों ने एक बाल्टी को संदिग्ध हालत में पड़ा देखा। शक होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर शमशेरगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और बाल्टी के अंदर से कई ताजे बम बरामद किए। वहीं सुरक्षा कारणों से पूरे इलाके को घेर लिया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बाल्टी में करीब 30 ताजे बम बरामद किए गए। इसी तरह के ताजे बमों से भरी एक और बाल्टी सूती पुलिस स्टेशन के महिषस्थली इलाके में एक मक्के के खेत से भी मिली। पुलिस सूत्रों ने बताया कि स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद सूती पुलिस स्टेशन की पुलिस मौके पर पहुंची और एक बाल्टी में करीब 35 ताजे बम बरामद किए। फरक्का पुलिस स्टेशन के शंकरपुर इलाके में एक गुप्त सूत्रों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने एक बाल्टी में करीब 20 ताजे बम बरामद किए। इस घटना से इलाके में भी सनसनी फैल गई है। रेजिनगर पुलिस स्टेशन के चेतियानी आंगनबाड़ी केंद्र से भी कई ताजे बम बरामद किए गए। घटना के बाद से संबंधित इलाकों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

SCROLL FOR NEXT