मुर्शिदाबाद : बहरमपुर में एक तृणमूल नेता के करीबी के घर से व्यापक मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं। तृणमूल नेता के करीबी दोस्त की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार महिला का नाम टुकू सरकार है। इस घटना से सनसनी फैल गई है। शनिवार दोपहर बहरमपुर पुलिस स्टेशन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूत्रों के आधार पर बहरमपुर तृणमूल टाउन यूथ प्रेसिडेंट पापाई घोष के करीबी दोस्त असीम सरकार के गिरजापाड़ा स्थित घर पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान घर की तलाशी लेने पर तीन पिस्तौल, 140 राउंड जिंदा कारतूस और 4 मैगजीन जब्त की गईं। पुलिस को छापेमारी की भनक लगने से पहले ही असीम सरकार और पापाई घोष भाग निकले। पुलिस ने घर में अवैध तरीके से हथियार रखने के आरोप में असीम सरकार की पत्नी टुकू सरकार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त को 10 दिनों की पुलिस कस्टडी की अर्जी पर बहरमपुर जिला जज की कोर्ट में पेश किया गया। जज ने उसे पांच दिनों की हिरासत का आदेश दिया। बहरमपुर के BJP विधायक सुब्रत मैत्रा ने कहा कि तृणमूल नेताओं को लगा था कि चौथी बार भी उनकी सरकार बनेगी। इसीलिए बाद में भाजपा समर्थकों पर हमला करने के लिए तृणमूल नेताओं के घरों में हथियार और बम रखे गये थे। पुलिस की छापेमारी में उन्हें बरामद किया गया। तृणमूल नेता अशोक दास ने कहा कि गिरफ्तार महिला और उसके पति से तृणमूल का कोई संबंध नहीं है।