पांडवेश्वर : जमीन से जुड़ी समस्या का समाधान कराने सरकारी दफ्तर पहुंचे एक जमीन मालिक के साथ बदसलूकी और मारपीट का मामला सामने आया है। यह मामला दुर्गापुर-फरीदपुर ब्लॉक भूमि एवं भूमि राजस्व कार्यालय का है। पीड़ित जमीन मालिक का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी फाइल की स्टेटस रिपोर्ट मांगी, तो अधिकारी ने गाली-गलौज करते हुए उनका मोबाइल फोन छीन लिया और प्रताड़ित किया। घटना के बाद शुक्रवार को उक्त कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। पीड़ित पक्ष ने फरीदपुर (लावदोहा) थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, आरोपी अधिकारी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
चार साल से काट रहे दफ्तर के चक्कर
श्रीकृष्णपुर गांव के निवासी गगन मंडल ने बताया कि उनके परिवार की जमीन से जुड़ी समस्या लंबे समय से लंबित है। पिछले चार सालों से वे लगातार अधिकारियों और कर्मचारियों की मिन्नतें कर रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। इसी सिलसिले में वे शुक्रवार को लाउदोहा स्थित भूमि विभाग के दफ्तर पहुंचे थे। पीड़ित गगन मंडल ने कहा, "जब मैंने अधिकारी से पूछा कि चार साल से लटकी मेरी फाइल का काम कहां तक पहुंचा, तो वे अचानक आपा खो बैठे। उन्होंने न सिर्फ भद्दी गालियां दीं, बल्कि मारपीट पर उतर आए और मेरा मोबाइल छीन लिया।"
शिकायत दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने फरीदपुर (लावदोहा) थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। घटना के संबंध में जब संबंधित भूमि एवं भूमि राजस्व अधिकारी से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। वहीं पुलिस आरोपों की जांच में जुटी है।