कुल्टी : कुल्टी थाना क्षेत्र के वार्ड नं. 73 में पानी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। भीषण गर्मी में जलापूर्ति नहीं होने के कारण मंगलवार की सुबह सैकड़ों की संख्या में लोगों ने लच्छीपुर में बराकर से आसनसोल जाने वाले जीटी रोड को जाम कर दिया जिसमें काफी संख्या में महिलाएं शामिल थीं। सड़क जाम होने के कारण जीटी रोड पर दोनों ओर काफी संख्या में वाहनों की लम्बी कतार लग गई। इसकी सूचना मिलते ही कुल्टी थाना अंतर्गत नियामतपुर पुलिस प्रभारी भारी संख्या में पुलिस बल के साथ लच्छीपुर जाम स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों से सड़क जाम हटाने का निर्देश दिया। इसी क्रम में सड़क जाम कर रहे प्रदर्शनकारियों एवं पुलिस के बीच विवाद में हाथापायी हो गयी। बाद में पुलिस ने बल प्रयोग कर लोगों को भगाया और सड़क जाम हटाकर परिवहन सेवा बहाल की। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया। वहीं सड़क जाम कर रही प्रदर्शनकारी महिलाओं ने पुलिस पर लाठी चार्ज करने का आरोप लगाया। सड़क जाम कर रही महिलाओं ने कहा कि बीते तीन वर्षों से वार्ड नं. 73 के अकवन बगान सहित विभिन्न इलाकों में पानी की आपूर्ति नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि बार-बार वार्ड पार्षद सुनीता बाउरी से इलाके में जलापूर्ति कराने की गुहार लगायी गयी लेकिन आश्वासन देने के अलावा अभी तक पानी आपूर्ति नहीं की गई। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में पानी की किल्लत से काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं ने बताया कि पीने का पानी लाने के लिये उन्हें दो से तीन किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। प्रदर्शन कर रही कुछ महिलाओं ने वार्ड नं. 59 में भी पानी आपूर्ति नहीं करने का आरोप लगाया। हालांकि स्थानीय पार्षद जाकिर हुसैन ने इसे बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि वार्ड नं. 59 में पानी की किल्लत नहीं है। वहीं वार्ड नं. 73 की पार्षद सुनीता बाउरी ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
क्या कहना है मेयर का
कुल्टी क्षेत्र के लच्छीपुर में पानी आपूर्ति नहीं करने पर किये गये सड़क जाम को लेकर आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय ने कहा कि कुल्टी में जलापूर्ति को लेकर फेज वन शुरू किया गया। दूसरा फेज शुरू होने पर कुल्टी क्षेत्र में पानी की समस्या का समाधान हो जायेगा। उन्होंने कहा कि जिस इलाके में जलापूर्ति नहीं हो रही है, उस इलाके में टैंकर द्वारा लोगों को जलापूर्ति की जायेगी।