विजेता विद्यार्थी  
आसनसोल

केवि आसनसोल के चार विद्यार्थियों का चयन

विद्यालय स्तर पर राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस

Gopal Kumar Singh

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय आसनसोल के चार विद्यार्थियों का चयन विद्यालय स्तर पर राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (National Children’s Science Congress – NCSC) के क्षेत्रीय स्तर पर प्रतिभागिता के लिए किया गया। यह कार्यक्रम सात एवं आठ अक्टूबर को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) खड़गपुर में आयोजित किया गया। चयनित विद्यार्थियों की टीम में वरिष्ठ वर्ग के तीन तथा कनिष्ठ वर्ग का एक विद्यार्थी शामिल है। इन विद्यार्थियों ने अपने नवाचारी वैज्ञानिक प्रकल्पों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास तथा वैज्ञानिक अन्वेषण से संबंधित महत्त्वपूर्ण विषयों पर अपनी प्रतिभा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का परिचय दिया। विद्यार्थियों के प्रकल्पों के प्रमुख विषयों में जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन तथा ‘ऊर्जा : अन्वेषण, प्रयोग, संवर्धन एवं विकास’ शामिल हैं। इन विषयों के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण से जुड़ी वास्तविक समस्याओं को समझने, उनके व्यावहारिक समाधान खोजने तथा वैज्ञानिक सोच के आधार पर नवाचारी उपाय प्रस्तुत करने का प्रयास किया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, जिज्ञासा और लगन के साथ अपने प्रकल्पों पर कार्य किया। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के क्षेत्रीय स्तर पर सहभागिता से उन्हें विभिन्न विद्यालयों से आए युवा प्रतिभागियों के साथ अपने विचार साझा करने, नए अनुभव प्राप्त करने तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण को और अधिक विकसित करने का महत्त्वपूर्ण अवसर मिला। इस अवसर पर प्राचार्य अमित कुमार ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें पूरे आत्मविश्वास, समर्पण और उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने विद्यार्थियों के सफल प्रतिभाग की कामना की।

SCROLL FOR NEXT