दुर्घटनाग्रस्त कार  
आसनसोल

कराटे प्रशिक्षक मिहिर बाग की सड़क हादसे में मौत

दीघा से समर कैंप से वापस लौट के क्रम में पेड़ से टकराई कार

रानीगंज : रानीगंज के सुप्रसिद्ध और अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रशिक्षक मिहिर बाग की रविवार को भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस दुखद खबर के फैलते ही पूरे रानीगंज शहर और खेल जगत में शोक का माहौल व्याप्त हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिहिर बाग अपने परिवार के साथ दीघा से लौट रहे थे। उनके कराटे प्रशिक्षण केंद्र के छात्र समर कैंप के लिए दीघा गए हुए थे, जो बस से वापस आ रहे थे, जबकि मिहिर बाग अपनी निजी कार से परिवार सहित लौट रहे थे। बांकुड़ा जिले के भोर बेला के पास अचानक ड्राइवर को झपकी आ जाने के कारण कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मिहिर बाग, उनकी पत्नी, बेटी और सास गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं कार बुरी तरह छतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तुरंत बांकुड़ा सम्मिश्रानी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मिहिर बाग ने दम तोड़ दिया। बाकी घायलों का उपचार जारी है। मिहिर बाग रानीगंज में कराटे प्रशिक्षण के क्षेत्र में एक बहुत बड़ा नाम थे, जो 'क्योकुशिन कान' के लिए जाने जाते थे। उन्होंने वर्षों तक हजारों बच्चों और युवाओं को कराटे का प्रशिक्षण दिया। उनके कई छात्रों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल की और खुद का कई सेंटर चला रहे थे। उन्होंने 'क्योकुशिन कान इंडिया' की ओर से वर्ष 2023 में रानीगंज में पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्योकुशिन कराटे प्रशिक्षक सेमिनार का आयोजन किया था, जिसमें विभिन्न राज्यों के 60 प्रशिक्षक शामिल हुए थे। इसके अलावा कराटे स्टेडियम में उन्होंने ऑल इंडिया ओपन बॉडी बिल्डिंग एंड फिटनेस चैंपियनशिप 2024 का भी सफल आयोजन कराया था। उनके असामयिक निधन से उनके छात्र और स्थानीय लोग गहरे सदमे में हैं।

SCROLL FOR NEXT