कलश यात्रा में शामिल महिलाएं 
आसनसोल

कलश शोभायात्रा के साथ मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ

दुर्गापुर : दुर्गापुर मेन गेट रामकृष्ण पल्ली स्थित प्राचीन मां चंडी मंदिर के जीर्णोद्धार और मंदिर में नए देवी-देवताओं की मूर्तियों की स्थापना की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का सोमवार को भव्य आगाज हुआ। इस पावन अवसर की शुरुआत विशाल कलश शोभायात्रा के साथ हुई, जिसमें आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। गोपालमाठ स्थित श्री शिव शक्ति धाम से भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। महिलाओं ने श्री शिव शक्ति धाम के पवित्र सरोवर से कलशों में श्रद्धापूर्वक जल भरा। यह शोभायात्रा दुर्गापुर के मुख्य मार्ग नेशनल हाईवे 19 के सर्विस रोड से होते हुए मां चंडी मंदिर पहुंची। मंदिर परिसर में पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलश स्थापना की गई और पूरे विधि-विधान के साथ विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में नगर निगम प्रशासक बोर्ड के सदस्य धर्मेंद्र यादव, प्राख्यात पंडित लक्ष्मण शास्त्री, पूर्व पार्षद धृति बनर्जी जालान, लाल बाबू प्रसाद, मां चंडी सेवा समिति के अध्यक्ष अशोक पांडेय, रमन उपाध्याय, अशोक सिंह, अमरेंद्र चौबे, मुन्ना साव, राजकुमार जायसवाल समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर धर्मेंद्र यादव ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक और पवित्र दिन है। मां चंडी मंदिर का जीर्णोद्धार और नए विग्रहों की प्राण-प्रतिष्ठा का यह भव्य महोत्सव हमारी अटूट आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। मां चंडी सेवा समिति के तत्वावधान में मंदिर के जीर्णोद्धार और नए देवी-देवताओं की मूर्तियों की स्थापना का यह प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव 5 मई से लेकर आगामी 10 मई तक चलेगा। वहीं इसे लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT