विनोद, सन्मार्ग संवाददाता
रानीगंज : सब्जी से लेकर चीनी, सरसो तेल सहित दैनिक आवश्यकता की वस्तुओं के दामों में अप्रत्याशित वृद्धि से राज्य की भाजपा सरकार चिंतित है। दाम वृद्धि के कारणों को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री ने मंगलवार को राज्य सरकार के प्रशासनिक भवन नवान्न में उच्च स्तरीय बैठक की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में बाजार में कृत्रिम मूल्य वृद्धि नहीं होनी चाहिए। बाजार में निगरानी रखने का भी निर्देश दिया गया।
इसके बाद प्रवर्तन शाखा अर्थात ईबी हरकत में आ गई। राज्यभर में बाजारों में ईबी निगरानी कर रही है। इसी क्रम में गुरुवार को रानीगंज में कालाबाजारी और अवैध जमाखोरी रोकने के लिए ईबी की टीम बाजार में उतरी।
इस दिन रानीगंज के विभिन्न थोक और खुदरा दुकानों में जाकर ईबी अधिकारियों ने स्टॉक की जांच की। राज्य के साथ-साथ रानीगंज बाजार में भी चीनी, सरसो तेल, सब्जी सहित अन्य खाद्य सामग्री के दाम नियंत्रण में रहें, इसे लेकर निगरानी की जा रही है।
पिछले कई दिनों से ईबी की टीम रानीगंज के प्रतिष्ठित और बड़े चीनी व सरसो तेल व्यापारियों के पास जाकर संपूर्ण जानकारी की जांच कर रही है, ताकि बाजार में कृत्रिम दामों को नियंत्रण में रखा जा सके।