सन्मार्ग संवाददाता
पुरुलिया : रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध मौवतोड़ मां काली मंदिर से चोरी हुए लाखों रुपये के आभूषणों को बरामद करने में पुरुलिया जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मुहर्रम अंसारी, आकाश रेवानी और गंगा यादव के रूप में हुई है। तीनों पुरुलिया शहर के कटिंगपाड़ा इलाके के निवासी हैं। शुक्रवार को पुरुलिया के पुलिस अधीक्षक कुमार सानी राज ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गत 2 अक्टूबर की रात मौवतोरड़ स्थित प्रसिद्ध मां काली मंदिर में चोरी की वारदात हुई थी। मंदिर के सेवायतों के मुताबिक, चोर मंदिर से करीब छह किलोग्राम चांदी और सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए थे। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 19 लाख रुपये बताई गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अपराधियों ने गैस कटर की मदद से मंदिर का ताला काटकर वारदात को अंजाम दिया था।
घटना के बाद रघुनाथपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। करीब 28 दिन तक चली जांच के बाद पुलिस ने चोरी गए चांदी के आभूषण बरामद करने के साथ ही इस मामले में संलिप्तता के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक कुमार सानी राज ने बताया कि जांच के दौरान घुमंतू (बंजारा) समुदाय के कुछ लोगों की संलिप्तता के तथ्य सामने आए हैं। हालांकि, पुलिस को आशंका है कि इस वारदात में कुछ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। शुक्रवार को तीनों अभियुक्तों को रघुनाथपुर महकमा अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने मामले की गहराई से जांच करने और अन्य अभियुक्तों का पता लगाने के लिए सात दिनों की पुलिस हिरासत मांगी। अदालत ने उन्हें को पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।
काली मंदिर पहुंचे मंत्री और पुलिस के आला अधिकारी
इधर, शुक्रवार दोपहर राज्य के मंत्री नदीयार चांद बाउरी ने मौवतोड़ मां काली मंदिर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान पुरुलिया के पुलिस अधीक्षक कुमार सानी राज, रघुनाथपुर के एसडीपीओ रोहेद शेख, रघुनाथपुर थाना के आईसी अतनु संत्रा सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।