आसनसोल

जलाशय भरकर व्यावसायिक भवन बनाने का आरोप

निर्माणकर्ता को ग्राम पंचायत ने दिया नोटिस

Gopal Kumar Singh

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता

दुर्गापुर : जलाशय भरकर व्यावसायिक भवन बनाने के आरोप को लेकर पानागढ़ में हलचल मच गई। आरोप के आधार पर कांकसा ग्राम पंचायत हरकत में आ गई है। निर्माणकर्ता को नोटिस भेजकर भूमि से जुड़े वैध कागज और निर्माण की अनुमति पत्र लेकर पंचायत में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा विषय की जांच के लिए भूमि और भूमि राजस्व विभाग भी सक्रिय हुआ है। वहीं कार्रवाई के बाद निर्माण कार्य बंद है।

इस संदर्भ में स्थानीय लोगों ने बताया कि लगभग एक वर्ष से पानागढ़ बाईपास से सटे मास्टरपाड़ा क्षेत्र में एक विशाल व्यावसायिक भवन बनाने का काम चल रहा है। आरोप लगाया गया कि निर्माण कार्य जलाशय की जमीन पर हो रहा है। उसी जलाशय को भरकर वहां भवन बनाया जा रहा है। यह आरोप सामने आते ही विषय को लेकर स्थानीय निवासी और राजनीतिक जगत का एक हिस्सा मुखर हो गया है।

कांकसा ग्राम पंचायत की प्रधान सुमना साहा ने बताया कि इस निर्माण कार्य को लेकर उनके पास एक लिखित शिकायत जमा हुई है। उसी शिकायत के आधार पर निर्माणकर्ता इरशाद हाजी को सूचना पत्र भेजा गया है। भूमि और निर्माण से जुड़े सभी वैध अनुमति पत्र और आवश्यक कागज लेकर उन्हें पंचायत में उपस्थित होने को कहा गया है। निर्धारित समय के भीतर उपस्थित नहीं हुए तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को विषय से अवगत कराया जाएगा। वहीं

दूसरी ओर पूर्व बर्दवान जिला भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा के महासचिव परितोष विश्वास ने दावा किया कि इससे पहले भी उन्होंने उक्त निर्माणकर्ता के विरुद्ध शिकायत दी थी। शिकायत के बाद भी लगभग कोई कार्रवाई नहीं हुई। काम बंद रहने के बाद भी फिर से काम शुरू होने पर पंचायत के पास गए हैं। आरोप लगाया कि संबंधित भूमि जलाशय थी और सरकारी कागजों की जांच में भी प्रमाण मिला है। जलाशय भरकर निर्माण कार्य के विरोध में उन्होंने आंदोलन आरंभ किया है। प्रशासन को विषय की गंभीरता से जांच कर उचित कार्रवाई करने की आवश्यकता है। वही सभी आरोपों को अस्वीकार किए बिना ही निर्माणकर्ता इरशाद हाजी ने अपने वक्तव्य में बताया कि उस स्थान पर बहुत पहले से एक पुराना मकान था। उसी घर को तोड़कर व्यावसायिक भवन बनाया जा रहा है। इससे पहले भी प्रशासन की ओर से काम बंद रखने का निर्देश दिया गया था। उस निर्देश का पालन कर उन्होंने निर्माण कार्य बंद रखा था। वर्तमान में वे केवल शटर लगाने का काम कर रहे थे। परंतु फिर से प्रशासन के अधिकारियों ने काम बंद रखने का निर्देश दिया है। शिकायत मिलने के बाद ही विषय को लेकर कांकसा भूमि और भूमि राजस्व विभाग सक्रिय हुआ है।

SCROLL FOR NEXT