बर्नपुर : ऑपरेशन गैराज विभाग में चार प्रमुख सुविधाओं और उपकरणों का सेल आईएसपी के निदेशक प्रभारी सुरजीत मिश्रा ने उद्घाटन किया। गौरतलब है कि सेल आईएसपी द्वारा परिचालन दक्षता, सुरक्षा और अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही सुविधाओं में एक पुनर्निर्मित टीएमएल की डी- ब्रिकिंग मशीन, तीन टाटा हिटाची मिनी एक्स्केवेटर, पांच हॉलपैक डंपरों में लगाया गया। 360 डिग्री सराउंड व्यू मॉनिटरिंग सिस्टम और यूएसएम (यूनिवर्सल सेक्शन मिल) के समीप विकसित 4000 वर्ग मीटर का पार्किंग क्षेत्र शामिल है, जिसमें एक साथ 45 ट्रेलरों की पार्किंग की क्षमता है। कनवर्टर माउथ जाम सफाई एवं प्रक्रिया-उन्मुख कार्यों के लिए अत्यंत उपयोगी टीएमएल डी-ब्रिकिंग मशीन को 2010 में जर्मनी की कंपनी टीएमएल से आधुनिकीकरण पैकेज के अंतर्गत खरीदा गया था। इस बार लगभग 60 लाख की लागत से मशीन का संपूर्ण पुनर्निर्माण किया गया, जिसमें वायरिंग हार्नेस प्रतिस्थापन, सॉफ्टवेयर एवं इंटरफेस अपडेट, सुरक्षा सुविधाओं का उन्नयन तथा बूम गाइड रोलर और आउटरिगर पैड का आंतरिक विकास शामिल है, जिससे इसकी सेवा-आयु में महत्वपूर्ण वृद्धि हुई है। इस मौके पर मुख्य महाप्रबंधक (यांत्रिक रखरखाव) विनीत रावल ने कहा कि इन सुविधाओं का उद्घाटन आईएसपी की लगातार आधुनिकीकरण, सुरक्षा संवर्धन और संसाधनों के कुशल उपयोग के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने ऑपरेशन गैराज टीम द्वारा किए गए नवोन्मेषी आंतरिक प्रयासों की भी सराहना की। साथ ही बताया कि तीन मिनी एक्स्केवेटर कॉम्पैक्ट लेकिन शक्तिशाली मशीनें हैं। प्रत्येक में 0.07 घन मीटर की बाल्टी क्षमता, 2300 किग्रा का परिचालन भार और 27.4 एचपी का इंजन पावर है। कन्वेयर, टनल, गड्ढ़ों, नालियों और अन्य जटिल क्षेत्रों की सफाई, हैंडलिंग एवं रखरखाव के लिए ये उपयुक्त हैं। इन्हें जीईएम (गवर्नमेंट ई मार्केट प्लेस) निविदा प्रक्रिया के माध्यम से टाटा हिटाची से कुल 62.95 लाख (प्रति इकाई 20.98 लाख) की लागत पर खरीदा गया है। इस मौके पर ईडी (वर्क्स) दिप्तेंदु घोष, ईडी (वित्त एवं लेखा) अरूप मुखर्जी, सीजीएम प्रभारी (परियोजना) प्रवीण कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं ऑपरेशन गैराज के कर्मचारी उपस्थित थे।