आसनसोल

आईएसपी ने बुलडोजर से तोड़ा तृणमूल पार्षद का कार्यालय

अब तक तृणमूल कांग्रेस के छह कार्यालयों को तोड़ा गया/अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत हो रही कार्रवाई

बर्नपुर : सेल आईएसपी द्वारा 10 दिनों के अंदर तृणमूल ऑफिस को खाली करने का नोटिस दिया गया था। इसी क्रम में 10 दिन पूरे होने पर सेल आईएसपी ने शनिवार को बर्नपुर रेलवे स्टेशन के निकट अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत आसनसोल नगर निगम की वार्ड संख्या 78 के तृणमूल कांग्रेस पार्षद अशोक रुद्र के कार्यालय को ध्वस्त कर दिया। सेल आईएसपी ने कंपनी की भूमि पर अतिक्रमण हटाने के अभियान के तहत यह कार्रवाई की है। सेल आईएसपी प्रबंधन द्वारा कंपनी की परिसंपत्तियों एवं भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु अतिक्रमण के विरुद्ध यह कार्य किया जा रहा है।

तृणमूल को निशाना बनाने का आरोप

वार्ड 78 के पार्षद अशोक रूद्र ने कहा कि उनका जहां पार्टी ऑफिस था, वहां से जनता को सेवा दी जाती थी, पर सेल आईएसपी सिर्फ तृणमूल के ऑफिस को निशाना बनाकर उन्हें तोड़ रहा है, जिसे जनता देख रही है। उन्होंने कहा कि बर्नपुर टाउन में बहुत सारे पार्टी ऑफिस हैं, उन्हें नहीं तोड़ा जा रहा कारण सेल आईएसपी के अधिकारी उनसे मिला हुआ है। आईएसपी ने 6 पार्टी ऑफिस तोड़ा है और सभी तृणमूल कांग्रेस के हैं।

क्या कहना है आईएसपी प्रंबधन का

सेल आईएसपी की भूमि पर अवैध रूप से कई पार्टी ऑफिस एवं क्लब बनाए गए थे। कई बार नोटिस और चेतावनी देने के बावजूद जगह खाली नहीं की गई, जिसके बाद कार्रवाई की गई। प्रंबधन का कहना है कि यह कोई अचानक की गई कार्रवाई नहीं थी। पहले नोटिस देकर संबंधित लोगों को अपने सामान हटाने और स्थल खाली करने के लिए पर्याप्त समय दिया गया था। निर्देशों का पालन नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।


SCROLL FOR NEXT