संजय, सन्मार्ग संवाददाता
अंडाल : उखड़ा में चल रहे प्रसिद्ध झूलन मेले में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मेले में लगे सर्कस के तंबू के भीतर एक कर्मचारी का शव फंदे से लटकता मिला। मृतक का नाम अनिल कुमार ठाकुर (57) है। वह नदिया जिले के बेताई इलाके का रहने वाला तथा सर्कस में तंबू लगाने का काम करता था। सूचना मिलते ही अंडाल के उखड़ा फांड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सर्कस प्रबंधक रथींद्र कुमार चटर्जी ने बताया कि अनिल हाल ही में सर्कस टीम से जुड़ा था। वह तंबू लगाने और उसकी डिजाइन तैयार करने के काम में काफी कुशल था। सोमवार रात करीब 8:30 बजे तक उसने बाकी साथियों के साथ सामान्य तरीके से काम किया था। मंगलवार सुबह उसका शव फंदे से लटकता देख वे लोग सन्न रह गए। प्रबंधन का कहना है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि अनिल ने ऐसा कदम क्यों उठाया। पुलिस की शुरुआती पड़ताल में मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक कलह या मानसिक तनाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।