आपस में उलझते इंटक समर्थक  
आसनसोल

INTUC के राज्य सम्मेलन में मारपीट से बवाल

कर्मियों में धक्का-मुक्की और हाथापाई से तनाव

Gopal Kumar Singh

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता

दुर्गापुर : दुर्गापुर के डीएसपी टाउनशिप में आयोजित आईएनटीयूसी के राज्य सम्मेलन के दौरान कांग्रेस के अंदर की गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। सम्मेलन में किसे प्रवेश मिलेगा, इसी बात को लेकर जिला कांग्रेस नेतृत्व और श्रमिक संगठन के जिला नेतृत्व के बीच विवाद शुरू हो गया। वही देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की, ठेला-ठेली और हाथापाई की नौबत आ गई। इस घटना से पूरे इलाके में भारी तनाव फैल गया।

आईएनटीयूसी सूत्रों के अनुसार राज्य सम्मेलन का आयोजन मुख्य रूप से श्रमिक संगठन के कर्मियों और प्रतिनिधियों को लेकर किया गया था। आरोप है कि सम्मेलन स्थल पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरजीत सिंह और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेश चक्रवर्ती के नेतृत्व में जिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रवेश करने का प्रयास किया। इसी दौरान उनकी श्रमिक संगठन के कार्यकर्ताओं से बहस शुरू हो गई। श्रमिक संगठन की ओर से कहा गया कि पहले उनके कर्मी और प्रतिनिधि सम्मेलन में प्रवेश करेंगे, उसके बाद ही अन्य लोग अंदर जाएंगे। इसी मांग को लेकर स्थिति और बिगड़ गई।

श्रमिक संगठन के जिला अध्यक्ष सुभाष साहा ने जिला कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दिन का कार्यक्रम केवल श्रमिक संगठन के कर्मियों को लेकर होना था, लेकिन जिला अध्यक्ष हरजीत सिंह और देवेश चक्रवर्ती के नेतृत्व में कुछ लोग जबरदस्ती कार्यक्रम के अंदर घुसने की कोशिश करने लगे। उन्होंने कहा कि हमने स्पष्ट कहा था कि पहले हमारे श्रमिक संगठन के कर्मी अंदर जाएंगे, उसके बाद आप लोग प्रवेश करेंगे, फिर भी उन्होंने जबरदस्ती अंदर घुसने का प्रयास किया, जिससे धक्का-मुक्की और ठेला-ठेली हुई।

वही दूसरी ओर सुभाष साहा के आरोपों को खारिज करते हुए देवेश चक्रवर्ती ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राज्य से आए प्रतिनिधियों को सम्मेलन में प्रवेश से रोकने की कोशिश की गई। देवेश ने कहा कि कांग्रेस के जिला अध्यक्ष श्रमिक संगठन के एक बड़े नेता हैं। राज्य के विभिन्न जिलों से जो लोग आना चाहते थे, उन्हें रोकने का प्रयास किया जा रहा था। अखिल भारतीय आईएनटीयूसी ने सम्मेलन में शामिल होने वाले लोगों की सूची जारी की थी। बावजूद इसके इस तरह की घटना करने वाले लोगों का विरोध किया गया। इस घटना के बाद कांग्रेस के अंदर की खींचतान एक बार फिर सार्वजनिक हो गई है।

SCROLL FOR NEXT