बर्नपुर : श्रमिक यूनियन इंटक ने FSNL के कर्मचारियों की नौकरी पर संकट की स्थिति को देखते हुये उनके साथ बैठक की। गौरतलब है कि केंद्र सरकार की नीतियों और निजीकरण की प्रक्रिया के चलते FSNL के कर्मचारियों की नौकरी पर संकट की स्थिति बनती जा रही है। इसे लेकर कर्मचारियों में चिंता और असंतोष का माहौल देखा जा रहा है। वहीं इसे देखते हुये इंटक से संबंद्ध आसनसोल आयरन एंड स्टील वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष हरजीत सिंह एवं महासचिव बिप्लब माजी ने FSNL के कर्मचारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं और चिंताओं को सुना। श्रमिक नेताओं ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनकी नौकरी की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा। बैठक में हरजीत सिंह ने कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए INTUC पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है। वहीं बिप्लब माजी ने कहा कि यदि कर्मचारियों की नौकरी बचाने के लिए किसी भी प्रकार का आंदोलन या पहल करनी पड़े तो संगठन पीछे नहीं हटेगा। इस बैठक से कर्मचारियों में श्रमिक संगठन पर भरोसा और उम्मीद जगी है कि उनके अधिकारों और रोजगार की सुरक्षा के लिए श्रमिक संगठन सक्रिय रूप से आगे आएंगे। इस मौके पर काफी संख्या में FSNL के कर्मचारी मौजूद थे।