आसनसोल

इंटक में दो दशक पुरानी दरार भरने की तैयारी

तिवारी और दुबे गुट 29 नवंबर को करेंगे विलय पर फैसला

Gopal Kumar Singh

जितेंद्र, सन्मार्ग संवाददाता

सांकतोड़िया : करीब दो दशक से आपसी विवाद और गुटबाजी में उलझे इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) को एक मंच पर लाने की कोशिश अब निर्णायक दौर में पहुंचती दिख रही है। संगठन के तिवारी और दुबे गुट ने विलय की दिशा में पहल करते हुए एकजुट इंटक के गठन की तैयारी शुरू कर दी गई है। 29 नवंबर को प्रस्तावित राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में संगठन के विलय, नए स्वरूप और भविष्य की रणनीति पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है। दोनों नेताओं की ओर से विलय की तैयारी की बात सामने आने के बाद श्रमिक राजनीति में हलचल तेज हो गई है। दरअसल इंटक में नेतृत्व और संगठनात्मक अधिकारों को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। इस विवाद के कारण संगठन दो प्रमुख धड़ों में बंट गया था। इसका असर केवल राष्ट्रीय स्तर पर ही नहीं, बल्कि विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों और कोयला उद्योग में भी देखने को मिला।

कोयला उद्योग में भी दिख सकता है असर

इंटक की एकजुटता की यह पहल कोयला उद्योग के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) सहित कोल इंडिया की विभिन्न अनुषंगी कंपनियों में इंटक से जुड़े श्रमिक संगठनों की सक्रियता रही है। ऐसे में दोनों गुटों का विलय होता है तो इसका असर श्रमिक संगठनों की आंतरिक संरचना, सदस्यता, प्रतिनिधित्व और प्रबंधन के साथ होने वाली वार्ताओं पर पड़ सकता है। तिवारी और दुबे गुट के नेताओं ने संकेत दिया है कि अब आपसी मतभेदों को पीछे छोड़कर मजदूरों के हितों को प्राथमिकता देने का समय आ गया है। तिवारी गुट के अध्यक्ष केके तिवारी और दुबे गुट के अध्यक्ष केएन त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से कहा कि देश के औद्योगिक और असंगठित क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों को आज एक मजबूत राष्ट्रीय प्रतिनिधित्व की जरूरत है। कोयला खदानों से लेकर इस्पात उद्योग, रेलवे, बैंकिंग और अन्य क्षेत्रों के मजदूरों के हितों की लड़ाई प्रभावी ढंग से लड़ने के लिए इंटक का एकजुट होना जरूरी है।

एकता से कोयला और इस्पात उद्योग में बढ़ सकता है प्रभाव

इंटक के तीनों गुटों के एक मंच पर आने का असर केवल संगठनात्मक स्तर तक सीमित नहीं रहेगा। कोयला, इस्पात, रेलवे और बैंकिंग जैसे बड़े औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिक प्रतिनिधित्व की तस्वीर भी बदल सकती है। एक मजबूत और एकीकृत संगठन के रूप में इंटक की विभिन्न श्रमिक समितियों, औद्योगिक वार्ताओं और प्रबंधन के साथ होने वाली बैठकों में प्रभावी भागीदारी की संभावना बढ़ सकती है।

SCROLL FOR NEXT