ईसीएल मुख्यालय पर धरना पर बैठे हुए 
आसनसोल

रोजगार की मांग को लेकर ईसीएल मुख्यालय पर आईटीआई अप्रेंटिस संघ का अनिश्चितकालीन धरना

प्रशिक्षित युवाओं ने उठाई नौकरी देने की मांग

Gopal Kumar Singh

सन्मार्ग संवाददाता

सांकतोड़िया : रोजगार की मांग को लेकर आईटीआई अप्रेंटिस संघ ने गुरुवार को ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के सांकतोड़िया स्थित मुख्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। धरने पर बैठे प्रशिक्षित युवाओं ने प्रबंधन से अप्रेंटिस प्रशिक्षण पूरा कर चुके अभ्यर्थियों को रोजगार देने की मांग उठाई। उनका कहना है कि ईसीएल में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद भी उन्हें रोजगार के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।

प्रशिक्षण के दौरान युवाओं ने कंपनी की जरूरतों के अनुरूप तकनीकी कार्यों का अनुभव हासिल किया, लेकिन प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उनके भविष्य को लेकर कोई स्पष्ट रास्ता सामने नहीं आया है। धरना दे रहे अप्रेंटिस संघ के सदस्यों का कहना है कि आईटीआई की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने ईसीएल में अप्रेंटिस के रूप में प्रशिक्षण लिया था। इस दौरान उन्होंने कंपनी के विभिन्न कार्यों और तकनीकी प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। अप्रेंटिसशिप का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित कर रोजगार के अवसरों के लिए तैयार करना है, लेकिन प्रशिक्षण पूरा होने के बाद नौकरी नहीं मिलने से उनके सामने आर्थिक और पारिवारिक संकट खड़ा हो गया है।प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि जब कोयला उद्योग में तकनीकी और कुशल कामगारों की जरूरत है, तो प्रशिक्षित अप्रेंटिसों को रोजगार के अवसर देने की दिशा में ठोस पहल क्यों नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि एक ओर युवाओं को तकनीकी शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण के लिए प्रोत्साहित किया जाता है, वहीं दूसरी ओर प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उन्हें रोजगार के लिए संघर्ष करना पड़ता है।

संघ के सदस्यों ने ईसीएल प्रबंधन से मांग की कि अप्रेंटिस प्रशिक्षण पूरा कर चुके युवाओं के लिए रोजगार की स्पष्ट नीति बनाई जाए। साथ ही कंपनी में होने वाली नियुक्तियों में प्रशिक्षित अप्रेंटिसों को प्राथमिकता देने तथा उनकी योग्यता और प्रशिक्षण अनुभव के आधार पर रोजगार का अवसर उपलब्ध कराने पर विचार किया जाए।

SCROLL FOR NEXT