मुर्शिदाबाद : मुर्शिदाबाद के फरक्का प्रखंड के बेनियाग्राम पंचायत स्थित रघुनाथपुर प्राथमिक विद्यालय संख्या 92 में मिड-डे-मील खाने के बाद कई विद्यार्थी बीमार पड़ गए। सोयाबीन की सब्जी खाने के बाद छात्रों को सीने और पेट में तेज जलन और जी मिचलाने की समस्या होने लगी। स्कूल के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार रॉय ने बताया कि बुधवार को उनके स्कूल में कुल 91 विद्यार्थियों ने मिड-डे-मील खाया था। इनमें से 11 छात्राओं की तबीयत खराब हो गई। उन्हें गले में जलन, जी मिचलाने और पेट में तेज दर्द होने लगा। स्थिति की गंभीरता को देख प्रधानाध्यापक और स्थानीय लोगों ने तुरंत नजदीकी चिकित्सा केंद्र से संपर्क किया और बीमार छात्राओं को आनन-फानन में गाड़ी से बेनियाग्राम स्वास्थ्य केंद्र ले गए। इस कार्य में विद्यालय के अन्य शिक्षकों ने भी काफी मदद की। प्रधानाध्यापक मनोज कुमार रॉय ने यह भी कहा कि उनके 18 साल के शिक्षण करियर में ऐसी घटना पहली बार हुई है। उन्होंने रेगुलर तौर पर अभिभावकों और रसोइया से कहा कि वे अभिभावकों की शिकायतों और खाना पकाने या सफाई की क्वालिटी को लेकर अधिक सावधान रहें। वहीं स्थानीय प्रशासन को पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है और हेडमास्टर ने कन्फर्म किया है कि हॉस्पिटल में इलाज करा रहे सभी छात्राएं अब पूरी तरह से स्वस्थ हैं।