आसनसोल

'पश्चिम बर्दवान जिले में 1.5 लाख लोगों की हियरिंग है बाकी'

आसनसोल : कल्याणपुर स्थित जिला प्रशासनिक कार्यालय के सभागार में मंगलवार की शाम विभिन्न राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों के साथ हियरिंग को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों को जिलाधिकारी एस पोन्नमबलम ने SIR के तहत चल रही हियरिंग प्रक्रिया की जानकारी दी। जिलाधिकारी एस पोन्नमबलम ने कहा कि जिले में अनमैप्ड 1.44 लाख में 1.33 लाख लोगों की हियरिंग प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है। 12 हजार लोग अनुपस्थित थे जिन्हें हियरिंग के लिए एक मौका और दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीते सोमवार तक जिले में 2.77 लाख में से 1.30 लाख लोगों की हियरिंग पूरी हो चुकी है। जबकि जिले में फिलहाल 1.5 लाख लोगों का हियरिंग बाकी है। उक्त बैठक में जिले के नये आब्जर्वर भी मौजूद थे। वहीं राजनीतिक दलों में तृणमूल के आकाश मुखर्जी ने कहा कि चुनाव आयोग की कथनी और करनी में जमीन आसमान का अंतर है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे लोग चुनाव आयोग से मिलकर ज्यादा -से ज्यादा लोगों का नाम मतदाता सूची से कटवाना चाहते हैं। योग्य वोटरों के नाम कटने पर राज्य में आग जलना निश्चित है। वहीं भाजपा के प्रशांत चक्रवर्ती ने कहा कि चुनाव आयोग जिस उद्देश्य से एसआईआर के तहत हियरिंग करवा रहा है वे संतुष्ट हैं। कुछ जगहों पर अनायास लोगों को हियरिंग के लिए बार -बार बुलाया जा रहा है, जिससे लोगों को समस्या हो रही है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष देवेश चक्रवर्ती ने कहा कि लोगों को परेशान नहीं कर उन्हें सही दिशा देने की जरूरत है। कुछ क्षेत्रों में लोगों ने शिकायत की है कि सब कुछ सही होने के बावजूद उन्हें 2 बार हियरिंग के लिए बुलाया गया। मौके पर अतिरिक्त जिलाधिकारी (सामान्य) सुवासिनी ई सहित कई ईआरओ, एईआरओ व अधिकारी उपस्थित थे।

SCROLL FOR NEXT