सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : त्योहारों के सीजन में यात्रियों की सुरक्षा और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए आरपीएफ आसनसोल ने एक ही रात में दो बड़ी कार्रवाइयां की हैं। आरपीएफ पोस्ट आसनसोल (पश्चिम) द्वारा ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ और ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत चलाए गए विशेष अभियान में एक मोबाइल चोर और एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया । आरपीएफ पोस्ट आसनसोल (पश्चिम) और सीआईबी आसनसोल की टीम ने अभियान चला कर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया, जिसकी पहचान मो. साजिद हुसैन निवासी रेलपार, बाबू तालाब, आसनसोल (उत्तर) के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से दो चोरी के एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए, जिसकी कीमत 15,000 रुपये है। पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने दोनों फोन ट्रेन के यात्रियों से चोरी किए थे। दूसरी कार्रवाई उसी रात आरपीएफ ने प्लेटफार्म क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान चलाया। प्लेटफार्म नंबर 02 के एस्केलेटर के पास फुट ओवर ब्रिज पर एक व्यक्ति ग्रे रंग के पिट्ठू बैग के साथ पकड़ा गया। बैग की तलाशी में 12 बोतल ब्लेंडर्स प्राइड अल्ट्रा प्रीमियम व्हिस्की (750 एमएल) बरामद हुई, जिसकी कुल कीमत 12,240 रुपये है। अभियुक्त की पहचान रवि कुमार पिता चंद्रशेखर प्रसाद, पटना (बिहार) के रूप में बताई।