धनंजय, सन्मार्ग संवाददाता
जामुड़िया : जामुड़िया ट्रैफिक गार्ड एवं थाना के संयुक्त आयोजन में सोमवार को थाना सभागार में जामुड़िया-चाकदोला औद्योगिक सड़क पर भारी वाहनों के आवागमन एवं संभावित डायवर्जन से संबंधित समस्याओं को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस मौके पर जामुड़िया चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सचिव महेश सावड़िया ने कहा कि उद्योग जगत स्थानीय लोगों की समस्याओं और भावनाओं को समझता है। उन्होंने कहा कि जादूडांगा औद्योगिक क्षेत्र वर्ष 2004 से संचालित है और क्षेत्र के आर्थिक एवं औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। भारी वाहनों के आवागमन से जुड़े किसी भी निर्णय में स्थानीय जनता और उद्योग, दोनों के हितों का संतुलन जरूरी है। चेंबर की ओर से समस्या के समाधान के लिए कई व्यावहारिक सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे गए। बैठक में यह मुद्दा भी उठाया गया कि जामुड़िया-रानीसायर मार्ग पर दो पेट्रोल पंप के अलावा दर्जनों छोटे-बड़े कल-कारखाने, होटल एवं दुकानें हैं। इस सड़क से भारी वाहनों के साथ अन्य वाहनों का भी नियमित आवागमन होता है। उद्योग प्रतिनिधियों का कहना है कि केवल भारी वाहनों को लेकर प्रदूषण अथवा धूल की समस्या का हवाला देकर हजारों लोगों के रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव डालना उचित नहीं होगा। उनका कहना है कि किसी के निजी स्वार्थ के कारण हजारों लोगों का रोजगार प्रभावित नहीं किया जा सकता। वहीं, इस मुद्दे पर पश्चिम बर्दवान चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सचिव अजय कुमार खेतान ने आसनसोल महकमा अधिकारी, जामुड़िया विधायक, थाना प्रभारी, ट्रैफिक इंस्पेक्टर एवं ट्रैफिक प्रभारी के ध्यानार्थ व्हाट्सऐप के माध्यम से पत्र भेजकर समस्या का समुचित एवं व्यावहारिक समाधान निकालने का अनुरोध किया है। बैठक सकारात्मक माहौल में हुई तथा सभी पक्षों के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया। बैठक में जामुड़िया चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष जय प्रकाश डोकानिया, सचिव महेश सावड़िया सहित विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से ट्रैफिक इंस्पेक्टर राना अंबिका, एसीपी ट्रैफिक-2 जयंत बाग, जामुड़िया थाना प्रभारी सोमेन्द्र नाथ सिंह ठाकुर तथा जामुड़िया ट्रैफिक प्रभारी सुकांत दास सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे। जामुड़िया औद्योगिक क्षेत्र की ओर से आलोक मिश्रा, पिंटू झा सहित विभिन्न कारखानों के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।