निगम कमिश्नर दिलीप मिश्रा  
आसनसोल

बल्क वेस्ट जेनरेटर को लेकर आसनसोल नगर निगम में हुई अहम बैठक

कचरा पृथक्करण और वैज्ञानिक प्रबंधन पर दिया गया जोर /स्वच्छ आसनसोल बनाने के लिए सभी बड़े संस्थानों से मांगा गया सहयोग /नियम नहीं मानने पर होगी कार्रवाई

Suraj Choudhary

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के तहत बल्क वेस्ट जेनरेटर को लेकर बुधवार सुबह आसनसोल नगर निगम के कॉन्फ्रेंस हॉल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के बड़े इंडस्ट्री और बड़े संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा ने की। बैठक में मुख्य रूप से बल्क वेस्ट जेनरेटर की जिम्मेदारियों, कचरे के प्रभावी पृथक्करण, वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन पद्धतियों और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रावधानों के अनुपालन पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मौजूद प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव दिए और नियमों के पालन का आश्वासन दिया। सभी ने कहा कि वे अपने संस्थान में कचरा पृथक्करण और वैज्ञानिक प्रबंधन की व्यवस्था को और बेहतर बनाएंगे।

क्या है बल्क वेस्ट जेनरेटर ?

नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि जो संस्थान रोजाना 100 किलो से अधिक कचरा उत्पन्न करते हैं, वे बल्क वेस्ट जेनरेटर की श्रेणी में आते हैं। ऐसे संस्थानों को अपने परिसर में ही गीले, सूखे और खतरनाक कचरे को अलग-अलग करना अनिवार्य है। गीले कचरे से कंपोस्ट खाद बनानी होगी और सूखे कचरे को रिसाइक्लिंग के लिए भेजना होगा।

कचरा पृथक्करण पर विशेष जोर: बैठक में कहा गया कि अगर स्रोत पर ही कचरे का पृथक्करण हो जाए तो कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटान आसान हो जाता है। इससे शहर में गंदगी कम होगी, नालियां जाम नहीं होंगी और पर्यावरण भी स्वच्छ रहेगा। अधिकारियों ने सभी संस्थानों को अपने-अपने परिसर में अलग-अलग रंग के डस्टबिन लगाने, कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने और कचरा पृथक्करण की व्यवस्था को मजबूत करने का निर्देश दिया।

नियम नहीं मानने पर होगी कार्रवाई: बैठक में स्पष्ट कहा गया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 का पालन करना सभी के लिए अनिवार्य है। जो संस्थान नियमों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ पहले नोटिस दिया जाएगा और फिर जुर्माना सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की टीम समय-समय पर निरीक्षण करेगी और कचरा प्रबंधन की स्थिति की समीक्षा करेगी।

स्वच्छ आसनसोल का संकल्प : बैठक के अंत में सभी बल्क वेस्ट जेनरेटर से स्वच्छ आसनसोल बनाने के लिए सहयोग की अपील की गई। नगर निगम कमिश्नर दिलीप मिश्रा ने कहा कि आसनसोल को स्वच्छ और सुंदर बनाना सिर्फ नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि सभी नागरिकों और संस्थानों को इसमें भागीदारी करनी होगी।

SCROLL FOR NEXT