इलाके का निरीक्षण करते विधायक नीलाद्री शेखर दाना 
आसनसोल

सरकारी जमीन से हटेगी अवैध बस्ती, फुटपाथ के 150 से ज्यादा दुकानदार होंगे शिफ्ट

विधायक, नगर पालिका और प्रशासन ने संयुक्त रूप से तैयार किया खाका

Gopal Kumar Singh

संजय, सन्मार्ग संवाददाता

बांकुड़ा : शहर के सबसे व्यस्त मचानतला इलाके को जाम और अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने अब बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया है। सड़कों पर पैदल चलने वालों की परेशानी और दिनभर रेंगते ट्रैफिक को खत्म करने के लिए स्थानीय विधायक नीलाद्रि शेखर दाना, बांकुड़ा नगर पालिका और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला है। योजना के तहत सरकारी जमीन अवैध बस्ती को खाली कराकर वहां 150 से अधिक फुटपाथी दुकानदारों को व्यवस्थित किया जाएगा। मचानतला में मौजूद करोड़ों की बेशकीमती सरकारी जमीन पर लंबे समय से एक अवैध बस्ती बसी हुई है। स्थानीय नागरिकों की शिकायत है कि यह क्षेत्र धीरे-धीरे असामाजिक तत्वों और अवैध नशे के कारोबार का सुरक्षित अड्डा बन चुका है। लगातार मिल रही जनशिकायतों के बाद अब प्रशासन ने इस पूरी जमीन को खाली कराकर नया ढांचा तैयार करने की तैयारी कर ली है।

रोजी-रोटी भी बचेगी, सड़कें भी होंगी खाली

प्रशासन का प्लान दोतरफा राहत देने का है। सरकारी जमीन से कब्जा हटाने के बाद वहां बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके तुरंत बाद फुटपाथों पर दुकान लगाने वाले 150 से अधिक छोटे कारोबारियों को इस स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा। इससे सड़कें पूरी तरह चौड़ी और खुली हो सकेंगी, साथ ही छोटे व्यापारियों का रोजगार भी सुरक्षित रहेगा।

विधायक की दो टूक : मुआवजा लेकर भी खाली नहीं की जमीन

विधायक नीलाद्रि शेखर दाना ने बताया कि पिछली सरकार के समय ही नगर पालिका की ओर से बस्ती खाली करने के लिए लोगों को मुआवजा दिया जा चुका था। इसके बावजूद जमीन खाली करने के बजाय लोग जबरन काबिज रहे। उन्होंने कहा कि पुराने मुआवजे और मौजूदा दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही नियमों के तहत किसी अन्य विकल्प पर विचार किया जाएगा। इस अभियान के पूरा होते ही मचानतला क्षेत्र का कायाकल्प होगा और वर्षों से जाम झेल रहे शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

SCROLL FOR NEXT