विजेता को सम्मानित करते डीआरएम संग्रह मौर्य  
आसनसोल

आसनसोल रेल मंडल में राजभाषा पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन

Gopal Kumar Singh

सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल में राजभाषा पखवाड़ा-2026 का समापन समारोह मंडल रेल प्रबंधक आसनसोल संग्रह मौर्य की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक के संबोधन से हुआ। अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि मंडल कार्यालय के साथ-साथ अंडाल और जसीडीह जैसे प्रमुख स्टेशनों पर भी राजभाषा संबंधी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें रेलकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों की वास्तविक सार्थकता तभी सुनिश्चित होगी, जब सभी रेलकर्मी अपने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करें। इस अवसर पर राजभाषा पखवाड़ा के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफल प्रतिभागियों सहित कुल 44 रेलकर्मियों को पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक देबब्रत चटर्जी ने सक्रिय रूप से सहभागिता की। समारोह के दौरान रेलकर्मियों द्वारा काव्य-पाठ भी प्रस्तुत किया गया। अपने संबोधन में अपर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि राजभाषा हिंदी का प्रयोग केवल ऐसे समारोहों तक सीमित न रहकर नियमित कार्यालयीन कार्यों में निरंतर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के निरंतर प्रयोग एवं प्रसार से राजभाषा के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति में सहायता मिलेगी।

समारोह का समापन राजभाषा अधिकारी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

SCROLL FOR NEXT