आसनसोल

'तकनीक ने हिंदी में कार्य करना बनाया आसान'

डीएसटीपीएस में हिंदी पखवाड़ा संपन्न

Gopal Kumar Singh

संजय, सन्मार्ग संवाददाता

अंडाल : अंडाल स्थित डीवीसी की इकाई दुर्गापुर इस्पात ताप विद्युत केंद्र (डीएसटीपीएस) में हिंदी पखवाड़ा-2026 का समापन भव्य समारोह के साथ हुआ। राजभाषा कार्यान्वयन उप-समिति द्वारा ट्रेनिंग हॉल में आयोजित कार्यक्रम में कवि-गोष्ठी एवं पुरस्कार वितरण मुख्य आकर्षण रहे।

समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन व ‘वंदे मातरम्’ गायन से हुआ। मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रधान अनिल कुमार जैन ने कहा कि आज कंप्यूटर, मोबाइल और डिजिटल माध्यमों ने हिंदी में कामकाज बेहद सुगम बना दिया है। भाषा जब हमारी दिनचर्या और कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनती है, तभी राजभाषा का उद्देश्य सिद्ध होता है। वहीं, कार्यपालक निदेशक (ईंधन) सुनील कुमार पांडेय ने सभी अधिकारियों व कर्मियों से दैनिक कार्यालयीन कार्यों में सहज हिंदी का उपयोग बढ़ाने का आह्वान किया।

इस दौरान आयोजित कवि-गोष्ठी में कनिष्ठ अभियंता आकाश दीप की ओजस्वी कविताओं और शायर मो काशिफ अहसन की शायरी ने समां बांध दिया।इस अवसर पर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, खड़गपुर के वरिष्ठ हिंदी अधिकारी डॉ राजीव कुमार रावत की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इन्हें मिला पुरस्कार

वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट कार्य हेतु राख प्रबंधन प्रणाली को प्रथम तथा अनुरक्षण योजना प्रकोष्ठ को द्वितीय ''राजभाषा चल वैजयंती शील्ड'' प्रदान की गई। पखवाड़े की प्रतियोगिताओं के 33 विजेताओं और 27 सांत्वना पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को सम्मानित किया गया। प्रमुख विजेताओं में पारिजात चक्रवर्ती, प्रदीप कुमार, सतरूपा मुखर्जी आदि शामिल रहे। हिंदी डिक्टेशन योजना के तहत उप महाप्रबंधक सौमिता रॉय व वरिष्ठ प्रबंधक शमीम अहमद को 5-5 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। इसके अलावा नोटिंग/ड्राफ्टिंग योजना के 10 कर्मियों व 10 निर्णायकों सहित कुल 92 पुरस्कार वितरित किए गए। वरिष्ठ महाप्रबंधक सुकदेव खां और महाप्रबंधक सत्य रंजन पांडा ने भी हिंदी पखवाड़े के सभी प्रतिभागियों व विजेताओं को बधाई दी। डीजीएम (एचआर) श्रीकांत गेडाला ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।संचालन हिंदी अधिकारी इस्माईल मियां ने किया।

SCROLL FOR NEXT