आसनसोल

कोयलांचल में भूमि धंसान की समस्या के समाधान को लेकर उच्चस्तरीय बैठक

डीएम, ईसीएल के सीएमडी और विधायक की बैठक

Gopal Kumar Singh

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता

दुर्गापुर : कोयलांचल इलाके में एक के बाद एक धंसान की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। हाल ही में अंडाल के सिदुली और नीलकंठतला में हुए भयानक धंसान में एक मकान जमीन में समा गया था। इसके बाद से स्थानीय लोग गुस्से में हैं। वहीं बार-बार ऐसी घटनाएं होने के बाद भी स्थाई समाधान क्यों नहीं हो रहा है, इसे लेकर ईसीएल की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच धंसान की घटनाओं की पूरी जांच, आम लोगों की सुरक्षा और पीड़ितों के पुनर्वास की मांग को लेकर रानीगंज के विधायक पार्थ घोष मुखर हुए। दुर्गापुर अनुमंडल अधिकारी कार्यालय में जिलाधिकारी और ईसीएल के सीएमडी के साथ एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में ईसीएल के सीएमडी सतीश झा, जिलाधिकारी एस पोन्नम्बलम, अनुमंडल प्रशासन अंकिता अग्रवाल समेत प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। कई घंटों तक चली बैठक में धंसान के कारणों, धंसान प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा और पुनर्वास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

विधायक ने मांग करते हुए कहा कि कोयला निकालने से पहले आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। धंसान की वजह से किसी व्यक्ति या परिवार को नुकसान होने पर उसकी पूरी जिम्मेदारी ईसीएल को लेनी होगी। साथ ही बार-बार इस तरह की घटनाएं क्यों हो रही हैं, इसकी निष्पक्ष जांच कराकर असली कारण सामने लाना होगा।

विधायक पार्थ घोष ने बताया कि उनकी मांग को गंभीरता से लेते हुए ईसीएल के सीएमडी ने धंसान प्रभावित इलाकों का मौके पर जाकर निरीक्षण करने का आश्वासन दिया है। इसके अलावा धंसान के कारणों की जांच कराने की बात भी कही गई है। विधायक ने कहा कि डीएम और सीएमडी से स्पष्ट कहा गया कि धंसान की घटना की सही जांच होनी चाहिए। वहीं धंसान से किसी के जान-माल का नुकसान हुआ तो पूरी जिम्मेदारी ईसीएल की होगी। इस बैठक में पुनर्वास को लेकर भी चर्चा हुई है। कोयला उत्खनन से पहले आम लोगों की सुरक्षा पक्की करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सीएमडी ने उनकी मांग मानते हुए प्रभावित इलाके का दौरा करने और कारणों की सही जांच का भरोसा दिया है। हालांकि स्थानीय लोगों लोगों की मानें तो अब सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि जल्द ठोस कदम उठाए जाएं। वहीं जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कर धंसान की समस्या का स्थाई समाधान निकाला जाए।

SCROLL FOR NEXT