बर्नपुर : आसनसोल नगर निगम के वार्ड 77, 80 एवं 76 के प्वाइंट पर स्थित शक्तिरूपन क्लब परिसर में एक मोबाइल मेडिकल शिविर लगाया गया। गौरतलब है कि मंत्री मलय घटक की खास पहल और द लाइफ सेवर्स के सहयोग से शक्तिरूपन क्लब परिसर में मोबाइल मेडिकल वैन के जरिए आम लोगों के घर तक हेल्थ सेवा पहुंचाई गई। मोबाइल मेडिकल वैन के माध्यम से यहां से लोगों को विभिन्न प्रकार की बीमारियों में चिकित्सा सेवा प्रदान की गई। आंखों की जांच कराई गई और जिन्हें चश्मे की जरूरत है, उन्हें चश्मा भी उपलब्ध कराया जाएगा। मौके पर मंत्री मलय घटक ने कहा कि यह सेवा पिछले कुछ महीनों से आसनसोल नगर निगम के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को दी जा रही है और आज यह सेवा शक्तिरूपन विद्यालय प्रांगण में शुरू किया गया है। इस मौके पर वार्ड 77 के पार्षद गुरमित सिंह, वार्ड 80 के पार्षद राकेश शर्मा, राजेश सिंह, शैलेंद्र सिंह, बिनोद यादव, बैजू शर्मा, जसविंद्र सिंह, राजीव सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।