मुर्शिदाबाद : रानीतला थाने की पुलिस ने घुसपैठ के आरोप में एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। उसे रविवार सुबह रानीतला थाने के बीरपाड़ा से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिक का नाम एंटाजुल शेख है। वह बांग्लादेश के राजशाही जिले के गोदागरी थाने के चार आशाड़ीदाह कानापाड़ा का रहने वाला है। बांग्लादेशी नागरिक को रविवार को लालगोला के पद्म भवन (होल्डिंग सेंटर) भेज दिया गया। रानीतला थाने के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिक ने बताया कि वह कुछ दिन पहले गैर-कानूनी तरीके से भगवानगोला थाने के चर लवणगोला बॉर्डर पार करके इस देश में आया था। वहां से उसने रानीतला थाने के बीरनगर में एक रिश्तेदार के घर में शरण ली थी। हाल ही में कुछ और लोग आने वाले थे। उन्होंने एक साथ दक्षिण भारत में निर्माण कर्मी के तौर पर काम करने जाने की योजना बनायी थी। स्थानीय सूत्रों से जानकारी मिलने पर रविवार सुबह बीरपाड़ा में छापा मार कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।