आसनसोल : हमारा संकल्प एनजीओ संस्था ने डामरा गांव में अपना 53वां शिक्षा में सहयोग अध्ययन केंद्र का उद्घाटन किया। गौरतलब है कि वंचित समुदायों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के मिशन को और सशक्त बनाने के लिए अध्य्यन केंद्र का उद्घाटन किया गया। संस्था के विजन पर विश्वास व्यक्त करते हुए हमारा संकल्प के अध्यक्ष एवं मैथन एलॉयज के चेयरमैन सुभाष चंद्र अग्रवाल ने कहा कि एनजीओ का लक्ष्य वर्ष 2028 तक 500 से अधिक शिक्षा केंद्र स्थापित करना है, ताकि देशभर में 1 लाख से अधिक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके। वहीं क्षेत्रीय आयुक्त-I, कोयला खान भविष्य निधि संगठन (CMPFO) एवं हमारा संकल्प के संस्थापक अजय कुमार सिंह ने कहा कि इस नए केंद्र के जुड़ने के साथ अब हमारा संकल्प के 53 अध्ययन केंद्रों के माध्यम से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के चार राज्यों में 8,000 से अधिक छात्र-छात्राएं निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। नव-स्थापित केंद्र में कल से नियमित कक्षाएं प्रारंभ होंगी। एनजीओ द्वारा नियुक्त एक समर्पित शिक्षिका गणित, अंग्रेजी एवं सामान्य ज्ञान पर विशेष ध्यान देंगी, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। इस मौके पर ज्योति बाला, मऊ दास, दिपेन साहा, चंदन लाहा (प्रवर्तन अधिकारी), राहुल कुमार, कृष्ण कुमार, ललिता प्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद थे।